
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ के सुप्रसिद्ध लोक गायक किशन महिपाल के नाम रही। लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों,पहाड़ी संस्कृति की जीवंत झलक और दर्शकों के अपार उत्साह ने इस शाम को यादगार बना दिया। जैसे ही किशन महिपाल ने मंच संभालकर अपनी प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू किया,पूरा मेला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और दर्शकों के उत्साह से गूंज उठा। उनके गीतों की धुन पर युवा,महिलाएं और बुजुर्ग देर रात तक झूमते नजर आए। किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय गीत फ्यूलाडिया,घुघुति और जिया कोरी-कोरी सहित एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर गीत के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया। किसी ने गीतों के साथ स्वर मिलाए तो कोई पहाड़ी धुनों पर थिरकता नजर आया। उनकी गायकी ने उत्तराखंड की लोक परंपराओं,पहाड़ी जनजीवन और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर सजीव कर दिया। इस सांस्कृतिक संध्या की खास बात यह रही कि स्थापित लोक गायक किशन महिपाल के साथ स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। महापौर आरती भण्डारी की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में गायक अमित खरे और लता तिवारी पांडेय ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं रजनीकांत सेमवाल,अनुराग कांत और रेखा उनियाल ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। स्थानीय कलाकारों को बड़े मंच पर अपनी कला और प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने से उनमें विशेष उत्साह देखने को मिला। इस पहल ने यह संदेश दिया कि श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है,जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। कार्यक्रम के दौरान महापौर आरती भंडारी ने कलाकारों,अतिथियों और बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक आस्था,सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि हमारी लोक संस्कृति,सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। महापौर ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति हमारी पहचान और हमारी जड़ों से जुड़ी अमूल्य धरोहर है। यहां के लोकगीतों में पहाड़ का जीवन,प्रकृति,रीति-रिवाज,परंपराएं और पूर्वजों की विरासत समाहित है। लोक कलाकार अपनी गायकी और कला के माध्यम से इस धरोहर को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनाए हुए हैं। इसलिए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक कला और सांस्कृतिक प्रतिभाओं के लिए एक बड़े मंच के रूप में विकसित किया जाए। स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता के आधार पर मंच उपलब्ध कराया जाएगा,जिससे श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के अवसर मिल सकें। महापौर ने किशन महिपाल जैसे लोक कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचा रहे हैं। वहीं स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने से क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊर्जा और पहचान मिलेगी। बैकुंठ चतुर्दशी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या ने एक बार फिर साबित किया कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति केवल परंपराओं तक सीमित नहीं,बल्कि यहां के जनजीवन की धड़कन है। किशन महिपाल के लोकप्रिय गीतों की गूंज,स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां और दर्शकों का देर रात तक बना उत्साह इस शाम की सबसे बड़ी विशेषता रहा। धार्मिक आस्था के साथ लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं का यह संगम श्रीनगर के बैकुंठ चतुर्दशी मेले की यादगार तस्वीर बनकर उभरा।