बैकुंठ चतुर्दशी मेले में रंगों का जादू बिखेर गए नन्हे कलाकार-रंगोली की मनमोहक कलाकृतियों ने मोहा दर्शकों का मन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि सांस्कृतिक,धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी श्रीनगर में आयोजित वैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के रंगारंग आयोजनों की श्रृंखला में 25 नवंबर को आयोजित रंगोली

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि सांस्कृतिक,धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी श्रीनगर में आयोजित वैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के रंगारंग आयोजनों की श्रृंखला में 25 नवंबर को आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता,सृजनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा के मनमोहक रंग देखने को मिले। छात्र-छात्राओं ने रंगों के सुंदर संयोजन,आकर्षक आकृतियों और बारीक कलात्मक सजावट के माध्यम से अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि प्रतियोगिता स्थल रंगों और रचनात्मकता से सराबोर हो उठा। प्रतियोगिता में सीनियर,जूनियर एवं प्राथमिक तीन वर्गों के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। प्रत्येक रंगोली में बच्चों की मेहनत,कल्पनाशील सोच और कुछ नया रचने का उत्साह साफ दिखाई दिया। सीनियर वर्ग में मिष्टी एवं इशिता की रंगोली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कशिश एवं श्रेयांशी ने द्वितीय तथा खुशी रावत एवं खुशी भंडारी ने तृतीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जूनियर वर्ग में स्वामी ओंकारानंद विद्यालय की नक्ष एवं सादगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आरसी मेमोरियल पब्लिक स्कूल की इशाव नेगी एवं निहारिका सिंह द्वितीय स्थान पर रहीं,जबकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास के साहिल एवं अभिषेक ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्राथमिक वर्ग में कृतिका एवं साहित्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पूजा एवं रिद्धि ने द्वितीय तथा अर्पित सिंह नेगी एवं केतन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने रंगों के संतुलित संयोजन,डिजाइन की मौलिकता,कलाकृति की सुंदरता और प्रभावशाली प्रस्तुति को आधार बनाकर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता के परिणामों का सत्यापन खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू द्वारा किया गया। वैकुण्ठ चतुर्दशी मेले में आयोजित इस तरह की रचनात्मक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास,कलात्मक अभिरुचि और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। रंगोली प्रतियोगिता ने यह संदेश भी दिया कि बच्चों की कल्पनाशीलता और सृजनात्मक सोच को उचित मंच मिले तो वे अपनी प्रतिभा से हर आयोजन को यादगार बना सकते हैं।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...