
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देते हुए सदस्यता विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर मंगलवार देर सायं 100 से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। श्रीनगर नगर मंडल के उप कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भाजपा परिवार से जुड़ने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में डांग क्षेत्र से नगर निगम पार्षद पद पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके सिद्धार्थ मियां सहित अनेक लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के नेतृत्व में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों तथा भारतीय जनता पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी के साथ जुड़ने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सभी नवागंतुक सदस्यों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रति निष्ठा,समर्पण और विश्वास रखने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का पूरा सम्मान किया जाएगा। पार्टी में शामिल होने वाले नए सदस्यों को संगठन में उचित सम्मान एवं स्थान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है,जहां प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान महत्वपूर्ण है और संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में सिद्धार्थ मियां का पार्टी में शामिल होना भी चर्चा का विषय रहा। उल्लेखनीय है कि वार्ड संख्या 34 से पार्षद दिनेश पटवाल के विरुद्ध निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके सिद्धार्थ मियां ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। चुनाव में 200 से अधिक मत प्राप्त करने वाले सिद्धार्थ मियां ने कहा कि पूर्व में उन्होंने भले ही भाजपा प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ा हो,लेकिन वर्तमान में डॉ.धन सिंह रावत द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा परिवार में शामिल होने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,श्रीनगर विधानसभा प्रभारी विजय कप्रवांण एवं नगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल सहित पार्टी के पदाधिकारियों ने सभी नए सदस्यों को भाजपा का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में सिद्धार्थ मियां,अर्जुन,प्रो.आशा पांडे,विपिन,अशोक नेगी,अनिल,वीरेंद्र बिष्ट,रानी,अर्जुन चौहान,धन सिंह नेगी,मंजू,यशपाल धनाई,रोहन देव,मोहन सिंह धनाई,सौरभ कुमार,हुकम सिंह नेगी,मंजू घिल्डियाल,तेजपाल खत्री,संजीवनी,सागर नेगी,सावित्री,हरेंद्र नायक,गीता,मनमोहन नेगी,सरला घिल्डियाल,अंकित नयाल,अंकिता चौहान,राधा देवी,रवीना,तमन्ना,चंदन सिंह एवं शशिबाला सहित 100 से अधिक लोग शामिल रहे। इस अवसर पर जिला महामंत्री गणेश भट्ट,प्रमिला भंडारी,पार्षद दिनेश पटवाल,ललिता नेगी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।