गौल्क्षय पर्वत की गोद में गूंजेगी भक्ति की अलौकिक ध्वनि-सरणा गांव में मां भगवती गौरा देवी मंदिर की तैयारियां तेज

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। विकास खण्ड खिर्सू के अंतर्गत गौल्क्षय पर्वत एवं इंद्र गवन की पावन तलहटी में बसे रमणीय एवं देवतुल्य ग्राम सरणा में आज दिनांक 26 अप्रैल को पंचायत

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। विकास खण्ड खिर्सू के अंतर्गत गौल्क्षय पर्वत एवं इंद्र गवन की पावन तलहटी में बसे रमणीय एवं देवतुल्य ग्राम सरणा में आज दिनांक 26 अप्रैल को पंचायत भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण एवं श्रद्धा-भक्ति से परिपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मां भगवती गौरा देवी के नवनिर्मित भव्य मंदिर के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना तथा आगामी जून माह में प्रस्तावित मंदिर उद्घाटन एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा के आयोजन की रूपरेखा तैयार करना रहा। बैठक में गांव के गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि इस धार्मिक महाआयोजन को भव्य,दिव्य एवं ऐतिहासिक बनाया जाएगा,जिससे न केवल गांव सरणा बल्कि समूचे क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार हो सके। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मां भगवती गौरा देवी का यह नवनिर्मित मंदिर न केवल आस्था का केंद्र बनेगा,बल्कि सामाजिक एकता,सांस्कृतिक संरक्षण और आध्यात्मिक उन्नयन का भी प्रतीक होगा। मंदिर उद्घाटन के साथ आयोजित होने वाली श्रीमद् देवी भागवत कथा से क्षेत्र में धर्म,भक्ति और संस्कारों की पवित्र धारा प्रवाहित होगी,जिससे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। बैठक में यह भी आह्वान किया गया कि गांव के सभी प्रवासी,ध्याणीयां एवं श्रद्धालु इस पुनीत अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से करने का आग्रह किया गया। अंत में सामूहिक प्रार्थना के साथ बैठक का समापन हुआ,जिसमें समस्त ग्रामवासियों के सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की उन्नति की कामना की गई। सरणा गांव अब तैयार है एक ऐसे आध्यात्मिक उत्सव के लिए,जहां भक्ति,संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...