जीजीआईसी पौड़ी में प्रतिभा का महोत्सव-बेटियों ने संस्कृति,शिक्षा और हुनर से बांधा समां

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पूर्व छात्रा सम्मेलन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों,उत्साह और भावनात्मक पलों के बीच अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पूर्व छात्रा सम्मेलन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों,उत्साह और भावनात्मक पलों के बीच अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं की प्रतिभा,अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर दिनभर उत्सव के माहौल में सराबोर रहा,जहां छात्राओं ने अपनी कला,संस्कृति और आत्मविश्वास से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजकुमार पोरी का विद्यालय परिवार एवं छात्राओं ने पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया। छात्राओं ने तिलक,पुष्पगुच्छ एवं पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक के साथ अतिथियों का अभिनंदन कर कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की ऐसी मनमोहक श्रृंखला प्रस्तुत की,जिसने पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया। लोकनृत्य,समूहगान,देशभक्ति गीत,नाट्य मंचन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पूर्व छात्रा सम्मेलन रहा, जिसमें वर्षों बाद विद्यालय पहुंचीं पूर्व छात्राओं ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए भावुक क्षणों को पुनर्जीवित किया। पूर्व छात्राओं ने विद्यालय में मिले संस्कार,शिक्षा और मार्गदर्शन को अपनी सफलता की मजबूत नींव बताया। इस दौरान कई पूर्व छात्राओं ने छात्राओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया। मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मेहनत,अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर बेटियां आज हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। उन्होंने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अपनी उपलब्धियों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। वहीं जिन छात्राओं का परीक्षा परिणाम अपेक्षानुसार नहीं रहा,उन्हें निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। सरकार भी बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार अनेक योजनाएं संचालित कर रही है,जिनका लाभ उठाकर छात्राएं अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राएं शिक्षा,खेल,कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को प्रोत्साहन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आत्मनिर्भर और शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज का निर्माण करती हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ.सावित्री नेगी ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए छात्राओं की शैक्षणिक एवं सहशैक्षिक उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य छात्राओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं बल्कि उन्हें संस्कारवान,आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से जागरूक नागरिक बनाना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से खिल उठे। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना,जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी,खेल समन्वयक योगंबर नेगी,सभासद अरविंद रावत,शिक्षकगण,अभिभावक,पूर्व छात्राएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह,ऊर्जा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...