टिहरी में राशन कार्ड पर ताला-व्यवस्थाओं की लाचारी से जूझता आमजन

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद टिहरी गढ़वाल में इन दिनों राशन कार्ड न बनने की समस्या ने आम जनजीवन को गहरी परेशानी में डाल दिया है। नए राशन कार्डों की प्रक्रिया लंबे

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल।
जनपद टिहरी गढ़वाल में इन दिनों राशन कार्ड न बनने की समस्या ने आम जनजीवन को गहरी परेशानी में डाल दिया है। नए राशन कार्डों की प्रक्रिया लंबे समय से ठप पड़ी होने के कारण हजारों पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों को न केवल सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन नहीं मिल पा रहा,बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ उठाना भी मुश्किल हो गया है। राशन कार्ड की अनिवार्यता के चलते स्वास्थ्य कार्ड (आयुष्मान आदि) भी नहीं बन पा रहे हैं,जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग उपचार से भी वंचित रह जा रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इस समस्या को लेकर भारी आक्रोश और निराशा का माहौल है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया महासचिव रामलाल नौटियाल ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए जिलाधिकारी टिहरी से शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनपद की सभी विधानसभाओं में लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं और प्रशासन को तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी के अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि वे लंबे समय से ज्ञापन के माध्यम से इस समस्या को प्रशासन के संज्ञान में लाते रहे हैं,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड न बनने से न केवल खाद्यान्न वितरण प्रभावित हो रहा है,बल्कि अन्य आवश्यक दस्तावेजों के निर्माण में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी टिहरी नीतिका खंडेलवाल ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही ऑनलाइन प्रक्रिया को सुचारु कर नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों से साइट बंद होने के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है,जिसे शीघ्र ठीक कर लिया जाएगा। फिलहाल जिले के हजारों परिवार प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। अब देखना यह होगा कि आश्वासनों से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर कब तक राहत मिल पाती है,क्योंकि हर गुजरते दिन के साथ आमजन की परेशानियां और बढ़ती जा रही हैं।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...