तिरंगे के रंग में रंगा पौड़ी-देशभक्ति के जोश से गूंजा जनपद-मदन कौशिक ने फहराया राष्ट्रध्वज

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पौड़ी जनपद राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिया। जिला मुख्यालय से लेकर गांव-कस्बों तक तिरंगे की आन,बान

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पौड़ी जनपद राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दिया। जिला मुख्यालय से लेकर गांव-कस्बों तक तिरंगे की आन,बान और शान के बीच भारत माता के जयघोष गूंजते रहे। कहीं हाथों में लहराता तिरंगा दिखाई दिया तो कहीं देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण में राष्ट्रीय गौरव की भावना भर दी। स्वतंत्रता दिवस के विभिन्न कार्यक्रमों में आजादी के अमर सेनानियों के त्याग,वीर सैनिकों के शौर्य और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की झलक देखने को मिली। जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। इससे पूर्व विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने पूरे शहर में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और उमंग भर दिया। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री तथा जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक,जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला,विधायक राजकुमार पोरी,जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया एवं नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया गया तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है,बल्कि उन महान सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश तथा उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पौड़ी को वीर सैनिकों की धरती बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां की मिट्टी ने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया,जिन्होंने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। प्रभारी मंत्री ने युवाओं और बच्चों को प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें नशे से दूर रहने,जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा,सुरक्षा एवं सम्मान को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए गांवों को मजबूत करने तथा उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए सभी को मिलकर सशक्त,स्वावलंबी और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण करना होगा। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराती है। संवेदनशील,जवाबदेह और जन-केंद्रित प्रशासन ही सुशासन की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान,विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी तथा तकनीक और नवाचार के माध्यम से जनसेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने युवाओं,स्वयं सहायता समूहों,कौशल विकास,खेल,रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिक्षा और खेल के साथ अच्छे नागरिक बनने का संकल्प लें,क्योंकि आज के बच्चे ही भविष्य के भारत की दिशा तय करेंगे। मुख्य समारोह में प्राथमिक विद्यालय नगरपालिका नंबर-5 के नन्हे-मुन्ने बच्चों सहित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी, राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों,नृत्य और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों में देशप्रेम,राष्ट्रीय एकता और आजादी के गौरव की जीवंत झलक देखने को मिली। प्रेक्षागृह कभी तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजा तो कभी भारत माता के जयघोष से। बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों के भीतर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को और प्रबल कर दिया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों,वीर सैनिकों एवं वीर नारियों को पुष्पगुच्छ,शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान के इन भावुक क्षणों में उपस्थित लोगों ने देश की आजादी और रक्षा के लिए किए गए त्याग एवं बलिदान को नमन किया। अतिथियों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों का बलिदान देश की अमूल्य विरासत है,जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। मुख्य समारोह के बाद रांसी स्टेडियम के समीप एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है,उसे सुरक्षित रखते हुए वृक्ष बनाना हमारी वास्तविक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं प्रतिभागियों से रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। 80 वें स्वतंत्रता दिवस पर आयुक्त गढ़वाल कार्यालय परिसर में भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। अपर आयुक्त गढ़वाल उत्तम सिंह चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अधिकारियों,कर्मचारियों एवं आमजन ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया। अपर आयुक्त ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए महात्मा गांधी,नेताजी सुभाष चंद्र बोस,भगत सिंह,राजगुरु सहित असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराती है। लोकतांत्रिक मूल्यों,सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन के कार्यों को सरल,सुगम और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विकास भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राष्ट्र की एकता,अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। पुलिस लाइन,विकास भवन समेत जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों,विद्यालयों तथा विभिन्न संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान पूरा पौड़ी जनपद देशभक्ति,उल्लास और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर नजर आया। समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, जिला पंचायत सदस्य शांति देवी,डीएफओ महातिम यादव,पवन नेगी,अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान,संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात,पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,डीएसटीओ राम सलोने,डीपीआरओ जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी,जनप्रतिनिधि,स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन,राज्य आंदोलनकारी,पूर्व सैनिक,शिक्षक-शिक्षिकाएं,छात्र-छात्राएं,मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र खंकरियाल ने किया। स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि राष्ट्र की मजबूती केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं,बल्कि जिम्मेदार नागरिकों की सामूहिक भागीदारी,कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम से सुनिश्चित होती है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...