
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सामाजिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले में कवरेज के दौरान वरिष्ठ पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के साथ पुलिस-प्रशासन द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण पर सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताया है। स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि पत्रकारिता का सम्मान लोकतंत्र का सम्मान है। किसी भी सार्वजनिक,धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में पत्रकारों को समाचार संकलन और कवरेज करने से रोकना,उनके साथ अभद्र व्यवहार करना अथवा पुलिस बल के माध्यम से उन्हें धक्का देना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वरिष्ठ पत्रकार को कवरेज से रोकने के निर्देश किसके द्वारा दिए गए और इसके पीछे किसका इशारा था,पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन और सरकार तक पहुंचाते हैं। उनकी लेखनी व्यवस्था की कमियों को उजागर करने के साथ ही अधिकारियों को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण कार्य करती है। ऐसे में पत्रकारों के साथ अपमानजनक व्यवहार करना केवल एक व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं,बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़ा करना है। स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि श्रीनगर गढ़वाल उत्तराखंड की पत्रकारिता की ऐतिहासिक भूमि रही है। यहां से पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा जुड़ी हुई है। ऐसे प्रतिष्ठित शहर में वर्षों से समाज के बीच रहकर निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने वाले अनुभवी पत्रकारों के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चिंता जताई कि आज जहां सच्चे और समर्पित पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है,वहीं कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में अपने निजी स्वार्थों की पूर्ति में लगे हुए हैं। ऐसी प्रवृत्तियां पत्रकारिता की विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाती हैं। स्वामी रसिक महाराज ने श्रीनगर विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत से इस पूरे प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व है कि वे पत्रकारों की स्वतंत्रता,सुरक्षा और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने मांग की कि वरिष्ठ पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के साथ हुए व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी पुलिसकर्मी या अधिकारी की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का अधिकार मिलना चाहिए। लोकतंत्र में सवाल पूछना और व्यवस्था की कमियों को सामने लाना पत्रकार का कर्तव्य है। स्वामी रसिक महाराज ने दो टूक कहा कि पत्रकार का सम्मान केवल किसी एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है,बल्कि यह लोकतंत्र,संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और समाज की आवाज का सम्मान है। पत्रकारिता की गरिमा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।