
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर तले 1 मई 2026 को प्रस्तावित पौड़ी गढ़वाल कमिश्नरी घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कीर्तिनगर विकासखंड मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन गढ़वाल मंडलीय महासचिव राजीव उनियाल के निर्देशन एवं ब्लॉक अध्यक्ष संदीप मैठाणी की अध्यक्षता में हुआ,जिसमें कार्मिकों ने एकजुट होकर आंदोलन को धार देने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए मंडलीय महासचिव राजीव उनियाल ने मंडल भर के सभी कार्मिकों से आह्वान किया कि वे 1 मई को अधिक से अधिक संख्या में पौड़ी पहुंचकर कमिश्नरी घेराव कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से मातृशक्ति से भी सहयोग की अपील करते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक संघर्ष के बल पर पुरानी पेंशन की बहाली निश्चित है। ब्लॉक अध्यक्ष संदीप मैठाणी ने कार्मिकों को क्रांतिकारी एकता का संदेश देते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब हर कर्मचारी तन,मन और पूर्ण समर्पण के साथ इस आंदोलन को जनआंदोलन का स्वरूप दे। ब्लॉक महासचिव सुरजीत लिंगवाल ने कहा कि जिस निष्ठा से कर्मचारी सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हैं,उसी प्रतिबद्धता के साथ उन्हें अपने अधिकारों के लिए भी खड़ा होना होगा। देवप्रयाग ब्लॉक मंत्री विजय आर्य ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुरानी पेंशन बहाल नहीं की गई तो 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका गंभीर राजनीतिक परिणाम देखने को मिलेगा। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक मियां ने कहा कि यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन आने वाले समय में उग्र रूप ले सकता है। क्रांतिकारी अमित नौडियाल ने एनपीएस/यूपीएस का कड़ा विरोध करते हुए इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया। प्राथमिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक उमरियाल ने चेतावनी दी कि कर्मचारी जल्द ही कार्य बहिष्कार और भूख हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाने को विवश हो सकते हैं। वरिष्ठ प्रवक्ता दीपक जोशी ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी जीपीएफ युक्त पुरानी पेंशन के अलावा किसी भी विकल्प को स्वीकार नहीं करेंगे और बहाली तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान नितेश अग्निहोत्री और अमित राज ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सभी कार्मिक एक मंच पर आकर संगठित संघर्ष करें,साथ ही आंदोलन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से भी जोड़ते हुए आगे बढ़ाएं। बैठक में बड़ी संख्या में कार्मिकों की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब पुरानी पेंशन बहाली की मांग एक व्यापक जनआंदोलन का रूप लेती जा रही है। कार्यक्रम में राजीव उनियाल,संदीप मैठाणी,नरेंद्र सलेरा,विजय आर्य,सुरजीत लिंगवाल,दीपक उमरियाल,दीपक मियां,अमित राज,अमित नौडियाल सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। कीर्तिनगर की इस बैठक ने 1 मई के कमिश्नरी घेराव को लेकर पूरे जनपद में एक मजबूत संदेश दे दिया है कि कर्मचारी अब अपने अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई के मूड में हैं।