हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों का आंदोलन अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 29 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड के तत्वाधान में कीर्तिनगर क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। यह अभियान आगामी 1 मई 2026 को गढ़वाल आयुक्तालय मुख्यालय पौड़ी में प्रस्तावित विशाल कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडलीय मंत्री राजीव उनियाल एवं जिला अध्यक्ष विजय गुसाईं ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों प्रधानमंत्री जनजातीय कल्याण योजना,कृषि विभाग,उद्यान विभाग,राजस्व विभाग,सिंचाई विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के बीच जाकर आंदोलन के प्रति जागरूकता फैलाते हुए उन्हें एकजुट होने का आह्वान किया गया। मंडलीय मंत्री राजीव उनियाल ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली कोई मांग नहीं,बल्कि कर्मचारियों का अधिकार है,जिसके लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं और 1 मई को पौड़ी में होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। जिलाध्यक्ष विजय गुसाईं ने भी अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि यदि राज्य सरकार आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व नई पेंशन योजना से आच्छादित लाखों कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग को स्वीकार करती है,तो यह सरकार के लिए कर्मचारियों का विश्वास जीतने का एक सुनहरा अवसर होगा। अन्यथा कर्मचारियों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए वैकल्पिक राजनीतिक विकल्पों पर विचार करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस अवसर पर टिहरी के अपर जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया,जिसमें पुरानी पेंशन बहाली की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष भवानी शाह सहित विभिन्न विभागों के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे,जिन्होंने आंदोलन को सफल बनाने और अपनी मांगों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। यह जनसंपर्क अभियान न केवल कर्मचारियों की एकजुटता का प्रतीक बना,बल्कि आने वाले समय में पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन को नई धार देने का संकेत भी दे गया।