पेयजल,सड़क,ट्रैफिक और राजस्व मामलों पर प्रशासन सख्त-जनता मिलन में अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनसमस्याओं के त्वरित,पारदर्शी और प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय और जवाबदेह नजर आ रहा है। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनसमस्याओं के त्वरित,पारदर्शी और प्रभावी समाधान को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय और जवाबदेह नजर आ रहा है। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी करीब एक दर्जन शिकायतें सामने आईं, जिन पर जिलाधिकारी ने गंभीरता,संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत का समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से ई-ऑफिस व्यवस्था के अंतर्गत ई-फाइलिंग प्रणाली को व्यवहारिक रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल कार्यप्रणाली से कार्यों में तेजी आएगी,जवाबदेही बढ़ेगी तथा शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब समाप्त होगा। जनता मिलन कार्यक्रम में पेयजल,सड़क,नगर निकाय,ट्रैफिक,राजस्व एवं सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। पौड़ी लक्ष्मीनारायण निवासी सुमन नेगी द्वारा बरसात के दौरान बंद नाली से आवासीय भवन को खतरा होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम भैस्वाड़ा निवासी राजेंद्र सिंह द्वारा भवन मानचित्र निरस्तीकरण संबंधी शिकायत उठाए जाने पर जिला विकास प्राधिकरण अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ नापजोख कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कण्डारा गांव निवासी हुकम सिंह द्वारा सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत को जिलाधिकारी ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता जल संस्थान को उसी दिन जेई भेजकर समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उल्ली गांव निवासी विपिन सिंह की अनाथ प्रमाण पत्र संबंधी शिकायत पर जिला परिवीक्षा अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर प्रमाण पत्र जारी कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में वर्षों से लटकी टीवी केबल एवं पुरानी टेलीफोन तारों को हटाने,मृत पशुओं के निस्तारण हेतु भूमि उपलब्ध कराने,पाइप लाइनों के जाल से प्रभावित रास्तों की समस्या तथा बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए माल रोड से नगर पालिका एवं कलेक्ट्रेट तक सड़क चौड़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने कहा कि प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाला जनता मिलन कार्यक्रम अब आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण नहीं बल्कि वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसी क्रम में नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति पौड़ी द्वारा उठाई गई शहर की पेयजल समस्या पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए जल संस्थान एवं विद्युत विभाग के समन्वय से बाधित जलापूर्ति शीघ्र बहाल कर दी। वर्तमान में पौड़ी शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति संचालित होने की जानकारी भी प्रशासन द्वारा दी गई। न्यू बस अड्डा निवासी मोहित सिंह द्वारा उठाई गई पेयजल समस्या का भी तत्काल समाधान कर जलापूर्ति बहाल की गई। वहीं ग्राम क्वीराली निवासी भगवती प्रसाद खण्डूड़ी की पेयजल कनेक्शन संबंधी शिकायत पर विभागीय फिटर द्वारा मरम्मत कार्य कर आपूर्ति सुचारू की गई। जन प्रतिनिधि नीलम जुयाल द्वारा पानी की लाइन एवं टैंक क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर जल संस्थान ने आवश्यक कार्यवाही कर समस्या का समाधान करते हुए निस्तारण प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया। विकासखंड पोखड़ा के ग्राम दडखण्ड में पेयजल संकट पर प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण कर टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया,जबकि विकासखंड कल्जीखाल के ग्राम कठुड बड़ाकोट में पाइप लाइन मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल किए जाने की पुष्टि ग्राम प्रधान द्वारा भी की गई। जनता मिलन कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी,मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला,अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी,जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर,मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना,सीओ तुषार बोरा,जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल,अधिशासी अभियंता जिला विकास प्राधिकरण रणबीर सिंह,लोनिवि विवेक सेमवाल,रीना नेगी,विद्युत विभाग के अभिनव रावत,जल निगम के नवनीत कटारिया,ग्रामीण निर्माण विभाग के विनोद कुमार जोशी,मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती,जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया,परियोजना प्रबंधक उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय,जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी,तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी,एसडीओ वन आयशा बिष्ट,एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल,ईडीएम सचिन भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनता मिलन कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित किया कि यदि प्रशासन संवेदनशीलता,जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करे तो आमजन की समस्याओं का समाधान समय पर संभव है और शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होता है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...