हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के पैठाणी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत आगामी 2 मई को राठ महाविद्यालय पैठाणी में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। स्वर्गीय राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा स्वर्गीय सुमित्रा देवी की पुण्य स्मृति में आयोजित यह शिविर न केवल सेवा भाव का प्रतीक है,बल्कि ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का एक सशक्त प्रयास भी है। ट्रस्ट के अध्यक्ष विजय रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ट्रस्ट का 12 वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर है,जिसमें अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराएगी। शिविर में जनरल फिजिशियन के साथ-साथ आंखों,लिवर,बाल रोग,स्त्री रोग एवं हड्डी रोग के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगे,जो विभिन्न बीमारियों की गहन जांच और उपचार संबंधी सलाह देंगे। इसके अतिरिक्त शिविर में आधुनिक तकनीक से आवश्यक टेस्ट किए जाएंगे,जिनमें ब्लड शुगर और फेफड़ों की जांच भी निःशुल्क की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस प्रकार के शिविर लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं। यह पहल न केवल बीमारियों की समय रहते पहचान में मदद करेगी,बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी बनाएगी। ट्रस्ट द्वारा लगातार 12वीं बार आयोजित किया जा रहा यह शिविर समाजसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल बनता जा रहा है,जिसमें क्षेत्रीय जनता को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाती हैं। पैठाणी में आयोजित यह शिविर निश्चित रूप से स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई उम्मीद जगाएगा और जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी पहल साबित होगा।