
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को मातृभाषा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में श्रीनगर की उभरती कवयित्री साईनीकृष्ण उनियाल ने एक सराहनीय साहित्यिक पहल की है। उनकी गढ़वाली एवं हिंदी भाषा में रचित श्रीराजराजेश्वरी चालीसा का ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विमोचन किया। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत एवं देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी भी उपस्थित रहे। देवलगढ़ स्थित सिद्धपीठ की आराध्य देवी मां भगवती श्रीराजराजेश्वरी के प्रति अटूट श्रद्धा और अपनी लोकभाषा गढ़वाली के प्रति समर्पण का भाव इस चालीसा की रचना में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। साईनीकृष्ण उनियाल ने धार्मिक आस्था को साहित्य से जोड़ते हुए चालीसा को पुस्तक का स्वरूप प्रदान किया है। विशेष बात यह है कि इस रचना के माध्यम से मां भगवती की महिमा का वर्णन गढ़वाली भाषा में भी किया गया है,जिससे स्थानीय लोकभाषा को धार्मिक साहित्य के क्षेत्र में एक नई अभिव्यक्ति मिली है। गढ़वाली केवल संवाद की भाषा नहीं,बल्कि उत्तराखंड की लोक-संस्कृति,परंपराओं,लोकगाथाओं और सामूहिक पहचान की संवाहक है। ऐसे समय में जब क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण को लेकर निरंतर प्रयासों की आवश्यकता महसूस की जा रही है,गढ़वाली में धार्मिक साहित्य की रचना करना निश्चित रूप से एक सकारात्मक और प्रेरणादायी कदम है। श्रीनगर के ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले जैसे प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के मंच से मुख्यमंत्री के हाथों इस पुस्तक का विमोचन होना कवयित्री साईनीकृष्ण उनियाल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान उनकी साहित्यिक साधना के साथ-साथ गढ़वाली भाषा के प्रति समर्पित साहित्यकारों और भाषा प्रेमियों का भी उत्साहवर्धन करने वाला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस साहित्यिक पहल की सराहना करते हुए मातृभाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.सरिता उनियाल ने किया। साईनीकृष्ण उनियाल की यह रचना इस संदेश को भी मजबूती देती है कि अपनी मातृभाषा में साहित्य सृजन केवल भाषा को जीवित रखने का प्रयास नहीं,बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और आध्यात्मिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।