श्रीनगर को आधुनिक शहर बनाने की पहल तेज-साइंस सिटी से लेकर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम तक के लिए महापौर आरती भण्डारी ने मुख्यमंत्री धामी के समक्ष रखें दो अहम प्रस्ताव

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। ऐतिहासिक,धार्मिक एवं शैक्षणिक नगरी श्रीनगर के समग्र विकास और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार को लेकर नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी ने एक महत्वपूर्ण पहल

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। ऐतिहासिक,धार्मिक एवं शैक्षणिक नगरी श्रीनगर के समग्र विकास और आधुनिक शहरी सुविधाओं के विस्तार को लेकर नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भण्डारी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ अवसर पर महापौर ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दो महत्वपूर्ण ज्ञापन प्रेषित कर श्रीनगर में आधुनिक साइंस सिटी की स्थापना तथा नगर निगम कार्यालय भवन के नव निर्माण के साथ अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाने की मांग उठाई है। महापौर ने मुख्यमंत्री से इन महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए आवश्यक स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। महापौर आरती भण्डारी ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि श्रीनगर कभी प्राचीन गढ़वाल राज्य की राजधानी रहा है। वर्तमान में भी यह गढ़वाल मंडल का प्रमुख ऐतिहासिक,धार्मिक,सांस्कृतिक,शैक्षणिक एवं राजनीतिक केंद्र है। यहां हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय,राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी),राजकीय मेडिकल कॉलेज राजकीय पॉलिटेक्निक और आईटीआई जैसी प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाएं संचालित हैं। इसके अतिरिक्त नगर क्षेत्र में लगभग 45 विद्यालय हैं,जहां हजारों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इन संस्थानों में पौड़ी गढ़वाल सहित आसपास के जनपदों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते हैं। महापौर ने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने,उन्हें आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने तथा अनुसंधान और नवाचार के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए श्रीनगर में आधुनिक साइंस सिटी की स्थापना आवश्यक है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी विज्ञान,तकनीक और नवाचार से जुड़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। साइंस सिटी स्थापित होने से श्रीनगर को शिक्षा एवं वैज्ञानिक गतिविधियों के क्षेत्र में एक नई पहचान मिल सकती है। महापौर ने दूसरे ज्ञापन में नगर निगम श्रीनगर के कार्यालय भवन के नव निर्माण तथा एक आधुनिक एवं सुसज्जित ऑडिटोरियम की स्थापना की मांग रखी है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में समय-समय पर महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठकें,सेमिनार,शैक्षणिक कार्यक्रम,सामाजिक गतिविधियां और सांस्कृतिक आयोजन होते रहते हैं। इन आयोजनों के लिए पर्याप्त क्षमता वाले व्यवस्थित एवं आधुनिक सभागार की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही है। अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण से नगर निगम को महत्वपूर्ण बैठकों एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही सामाजिक,सांस्कृतिक,शैक्षणिक एवं अन्य संस्थाओं को भी इसका लाभ प्राप्त होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए नगर निगम भवन से प्रशासनिक कार्यों के संचालन में भी सुविधा और व्यवस्था बेहतर होगी। महापौर आरती भण्डारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दोनों प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए साइंस सिटी की स्थापना,नगर निगम कार्यालय भवन के नव निर्माण तथा अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए आवश्यक वित्तीय स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। श्रीनगर की ऐतिहासिक विरासत,धार्मिक महत्ता और शैक्षणिक पहचान को देखते हुए महापौर की ओर से रखे गए ये प्रस्ताव शहर के भविष्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। यदि राज्य सरकार इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करती है तो श्रीनगर को विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा,सांस्कृतिक गतिविधियों,सार्वजनिक आयोजनों और आधुनिक शहरी सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है। यह पहल श्रीनगर को एक सुव्यवस्थित,आधुनिक और विकसित नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...