श्रीनगर विधानसभा में दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे डॉ.धन सिंह रावत गांव-गांव जाकर सुनेंगे जनता की आवाज

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। डॉ.धन सिंह रावत आगामी 13 एवं 14 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दो दिवसीय व्यापक भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में संचालित विकास

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। डॉ.धन सिंह रावत आगामी 13 एवं 14 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दो दिवसीय व्यापक भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। कैबिनेट मंत्री का यह दौरा विकास कार्यों की प्रगति,जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्रीय विकास की नई रणनीति तय करने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिवसीय श्रीनगर प्रवास के दौरान डॉ.रावत पाबों विकासखंड सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। वह गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों,व्यापारियों,महिलाओं,युवाओं,काश्तकारों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने बताया कि बुधवार 13 मई को वह पाबों विकासखंड के ग्वाड़ीगाड़,भट्टीगांव,सरणा,पाली,कुलभौंरी,छानी,चोपड़्यूं एवं कोटली गांवों में व्यापक जनसम्पर्क अभियान चलाएंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है तथा जनता की सहभागिता से क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि गांवों में पेयजल,सड़क,विद्युत,स्वास्थ्य,शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों से क्षेत्र के विकास के लिए सुझाव भी लिए जाएंगे ताकि योजनाओं को जनभावनाओं के अनुरूप धरातल पर उतारा जा सके। वृहस्पतिवार 14 मई को डॉ.रावत पाबों ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य,आवासीय भवनों के रंग-रोगन,इंटरलॉकिंग टाइल कार्य तथा विकासखंड पाबों के आवासीय परिसरों के मरम्मत कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए जाएंगे। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री विकासखंड स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर खंड स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति,योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही पाबों क्षेत्र में लगातार बनी हुई विद्युत समस्याओं को लेकर यूपीसीएल अधिकारियों की विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी। डॉ.रावत अविभाजित उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा एवं पर्वतीय विकास मंत्री रहे स्वर्गीय डॉ.शिवानंद नौटियाल के पैतृक गांव कोटला में उनके आवासीय भवन को संग्रहालय के रूप में विकसित करने की दिशा में पर्यटन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक भी करेंगे। माना जा रहा है कि यह पहल क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री बिशल्ड क्षेत्र में इंटर कॉलेज से बिशल्ड बैंड एवं खतगेढ़ संपर्क मार्ग के डामरीकरण कार्य तथा प्राथमिक विद्यालय बिशल्ड के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे। वहीं रलथम गांव में बहुउद्देशीय पंचायत भवन का शिलान्यास भी किया जाएगा। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान डॉ.रावत सिमखेत,पोखरी एवं सपलोड़ी गांवों में भी जनसम्पर्क करेंगे तथा पाबों में ग्राम प्रहरियों एवं बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को लेकर चर्चा करेंगे। क्षेत्रीय जनता को उम्मीद है कि कैबिनेट मंत्री के इस दौरे से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल सामने आएगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...