
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न हो रही यातायात समस्या को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव और यात्रा सीजन को देखते हुए महापौर आरती भण्डारी ने एक ठोस और दूरदर्शी पहल करते हुए नया ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम कार्यालय में आयोजित बैठक में श्रीनगर क्षेत्र के विभिन्न मोटर एसोसिएशनों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद कई अहम निर्णय लिए गए,जिनका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम मुक्त बनाना और यातायात को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाना है। बैठक में तय किया गया कि यात्रा काल के दौरान टैक्सी एसोसिएशन श्रीनगर के सभी वाहन अस्थायी रूप से श्रीनगर थाने के पीछे वाली सड़क पर पार्क किए जाएंगे। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनावश्यक दबाव कम होगा और पैदल राहगीरों को भी बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त अलकनंदा कमांडर यूनियन समिति के लिए भी नई व्यवस्था लागू की गई है,जिसके तहत एक समय में केवल 5 वाहन ही खड़े रह सकेंगे,जबकि अन्य वाहनों को रोटेशन प्रणाली के आधार पर संचालित किया जाएगा। इस निर्णय से ट्रैफिक जाम की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है। बैठक में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार,प्रभारी निरीक्षक यातायात नीरज शर्मा,टैक्सी एसोसिएशन अध्यक्ष महावीर बहुगुणा,सचिव बद्री बंगारी,शौर्य खंडूरी,अलकनंदा कमांडर यूनियन समिति के सहसचिव जगपाल सिंह रावत,जय बद्री केदार टाटा सूमो यूनियन अध्यक्ष हरीश भट्ट सहित नगर निगम के पार्षदगण अंजना डोभाल,देवेंद्र मणि मिश्रा,प्रवेश चमोली,आशीष नेगी,धर्म सिंह रावत,सुमित बिष्ट,उज्ज्वल अग्रवाल,दीपक कुमार,विजय चमोली,नरेंद्र रावत,सुरेन्द्र कुमार आदि उपस्थित रहे। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में सुगम,सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जनहित में ऐसे निर्णय लिए जाते रहेंगे। महापौर आरती भण्डारी ने कहा कि श्रीनगर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। हमारा उद्देश्य आम नागरिकों और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। नई पार्किंग व्यवस्था से राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की समस्या में निश्चित रूप से कमी आएगी और पैदल चलने वालों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर संगठित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है,जिससे आने वाले समय में ट्रैफिक प्रबंधन और अधिक सुदृढ़ हो सके। यह पहल न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में एक मजबूत कदम है,बल्कि श्रीनगर को स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रही है।