
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने और गृह आधारित प्रसव पर रोक लगाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में विकासखंड थलीसैंण के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर व्यासी में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह शिविर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारुल गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ,जिसमें क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ उनकी स्वास्थ्य जांच भी की गई। शिविर के दौरान आसपास के क्षेत्रों से आई 13 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल में ही प्रसव कराने हेतु प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि संस्थागत प्रसव से मां और शिशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है तथा जटिलताओं की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो पाती है। कार्यक्रम में उपस्थित आमजन को भी मातृत्व सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई,ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठाकर सुरक्षित मातृत्व को अपनाएं। इस अवसर पर जनपद स्तर से निम्मी कुकरेती,समीर बिष्ट,सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी नीतू,एएनएम मंजू सती,तुलसी देवी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। सभी ने मिलकर महिलाओं को जागरूक करने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करने का प्रयास रहा,बल्कि मां और शिशु की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।