धारी देवी धाम में स्वच्छता का महाअभियान-जनशक्ति,नगर निगम और संस्कृति ने मिलकर रची स्वच्छता की नई गाथा

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। आस्था के प्रमुख केंद्र मां धारी देवी मंदिर परिसर आज एक अनूठे जनआंदोलन का साक्षी बना,जहां स्वच्छता,सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों का संगम देखने को मिला। नगर

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। आस्था के प्रमुख केंद्र मां धारी देवी मंदिर परिसर आज एक अनूठे जनआंदोलन का साक्षी बना,जहां स्वच्छता,सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों का संगम देखने को मिला। नगर निगम श्रीनगर और सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था भागीरथी कला संगम के संयुक्त तत्वावधान में चलाया गया वृहद स्वच्छता अभियान केवल सफाई कार्यक्रम नहीं,बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक प्रेरणादायक अभियान बन गया। सुबह करीब साढ़े छह बजे कैलियासौड़ क्षेत्र से शुरू हुआ यह अभियान मंदिर परिसर तक पहुंचा। दोनों टीमों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ मंदिर मार्ग,आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की। झाड़ू लगाना,प्लास्टिक व कचरे का संग्रहण और उसके त्वरित निस्तारण का कार्य लगातार चलता रहा। नगर निगम की कई गाड़ियां मौके पर तैनात रहीं,जो एकत्रित कूड़े का व्यवस्थित निस्तारण करती रहीं। इस दौरान नगर निगम की महापौर आरती भण्डारी स्वयं अभियान में शामिल हुईं और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मंदिर मार्ग पर मौजूद साधु-संतों और दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाएं,अन्यथा चालानी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उनका यह स्पष्ट संदेश प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है। अभियान की एक विशेष पहचान यह भी रही कि इसमें सांस्कृतिक चेतना को भी जोड़ा गया। द हिमाद्रि फाउंडेशन और एनवायरनमेंट क्लब के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने स्वच्छता के महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ा और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का संदेश गहराई से पहुंचाया। भागीरथी कला संगम के सदस्यों ने भी पूरे जोश के साथ भागीदारी निभाई। संस्था निर्देशक मदन गडोई ने महापौर आरती भण्डारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था प्रत्येक रविवार को स्वच्छता अभियान चलाती है,लेकिन आज महापौर के सानिध्य में कार्य करने का उत्साह और दोगुना हो गया। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी नगर निगम इसी तरह संस्था का सहयोग करता रहेगा। अभियान में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार सहित पार्षदगण और अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्था अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल,संरक्षक भगवती प्रसाद पुरी,रमेश चंद्र थपलियाल,दीनबंधु चौहान, भगत सिंह बिष्ट,प्रनोद नौडियाल,अवधेश मणि,धर्मेन्द्र कुमार,रवि पुरी,संजय कोठारी, हरेंद्र तोमर,हरिप्रसाद उनियाल,यमुना प्रसाद काला समेत कई गणमान्य लोग और पर्यावरण मित्र इस अभियान की मजबूती बने। महापौर आरती भण्डारी ने कहा मां धारी देवी मंदिर हमारी आस्था,संस्कृति और पहचान का प्रतीक है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। श्रद्धालु प्लास्टिक का प्रयोग कम करें और कूड़ेदान का ही उपयोग करें। नगर निगम स्वच्छता को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घरों का कूड़ा निर्धारित व्यवस्था के तहत ही निस्तारित करें,ताकि श्रीनगर को स्वच्छ और आदर्श शहर के रूप में स्थापित किया जा सके। यह अभियान एक दिन की सफाई से आगे बढ़कर सामाजिक चेतना,सांस्कृतिक जागरूकता और धार्मिक आस्था का संगम बन गया,जहां प्रशासन की सख्ती,संस्था की सक्रियता और जनता की सहभागिता ने मिलकर स्वच्छता की एक नई मिसाल कायम की।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...