हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) 2026 को सफल,शांतिपूर्ण एवं पूर्णतः निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रभारी अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में प्रभारी अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति,पेयजल,स्वच्छता,बैठने की व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता समय से सुनिश्चित कर ली जाए,ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जनपद में यह महत्वपूर्ण परीक्षा 3 मई (रविवार) को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी,जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार एक घंटे का अतिरिक्त समय प्रदान करते हुए शाम 6 बजे तक परीक्षा देने की अनुमति दी गई है। परीक्षा के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पौड़ी तथा राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी नगर को केंद्र बनाया गया है। कुल 444 परीक्षार्थियों में से 204 परीक्षार्थी केंद्रीय विद्यालय में तथा 240 परीक्षार्थी जीआईसी पौड़ी नगर में परीक्षा देंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए सख्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। वहीं परिवहन विभाग को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार विशेष बस सेवाएं संचालित करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार रहने को कहा गया। प्रभारी अपर जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय समन्वय समिति के सदस्यों को परीक्षा से पूर्व दोनों केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए,ताकि समय रहते किसी भी कमी को दूर किया जा सके। बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत अभिनव रावत,एआरटीओ एन.के.ओझा,पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की प्राचार्य अनिता बिष्ट,शिक्षा विभाग की मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनीता देवी,जीआईसी पौड़ी नगर के प्रवक्ता मोहन चंद्र घिल्डियाल तथा केंद्रीय विद्यालय के प्रवक्ता मनीष भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की यह सक्रियता और सुदृढ़ तैयारियां इस बात का संकेत हैं कि जनपद पौड़ी गढ़वाल में नीट-यूजी 2026 परीक्षा को निष्पक्ष,पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।