
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की सियासत में आगामी दिनों में हलचल और तेज होने जा रही है। संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा 6 मई से राज्य के विस्तृत दौरे पर पहुंच रही हैं। उनके इस दौरे को पार्टी के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस श्रीनगर के मीडिया प्रभारी लाल सिंह नेगी के अनुसार कुमारी शैलजा 6 मई को नई दिल्ली से जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी,जहां से वे सीधे ऋषिकेश जाएंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। 7 मई को वे ऋषिकेश से श्रीनगर पहुंचकर जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगी,जिसमें संगठन की मजबूती,आगामी रणनीति और जन-सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद कुमारी शैलजा उसी दिन श्रीनगर से सोनप्रयाग के लिए प्रस्थान करेंगी और रात्रि विश्राम सोनप्रयाग में करेंगी। 8 मई को वे गुप्तकाशी से हेलीकॉप्टर द्वारा केदारनाथ धाम पहुंचकर प्रातः पूजा-अर्चना करेंगी और दर्शन उपरांत पुनः गुप्तकाशी लौटेंगी। धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह दौरा जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। गुप्तकाशी से लौटते हुए वे अगस्त्यमुनि में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी और इसके पश्चात रुद्रप्रयाग में जिला कांग्रेस कमेटी एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रात्रि विश्राम वहीं करेंगी। 9 मई को वे रुद्रप्रयाग से बिरही होते हुए गोपेश्वर चमोली पहुंचेंगी,जहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन बद्रीनाथ धाम में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके उपरांत जोशीमठ में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को लेकर फीडबैक लेंगी और फिर श्रीनगर लौटकर रात्रि विश्राम करेंगी। दौरे के अंतिम चरण में कुमारी शैलजा 10 मई को श्रीनगर से चंबा के लिए प्रस्थान करेंगी,जहां वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठनात्मक मजबूती पर जोर देंगी। इसके पश्चात 11 मई को वे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी। कुमारी शैलजा का यह दौरा धार्मिक आस्था,जनसंपर्क और संगठनात्मक पुनर्संरचना का संतुलित मिश्रण माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे आगामी चुनावी तैयारियों की दृष्टि से बेहद अहम कड़ी के रूप में देखा जा रहा है,जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होने की उम्मीद है।