चौबट्टाखाल के विकास पर सतपाल महाराज का बड़ा एक्शन,अधिकारियों को दिया जवाबदेही और समयसीमा का सख्त संदेश

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपाल महाराज की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार पौड़ी में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनहित कार्यों की विस्तृत समीक्षा

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सतपाल महाराज की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार पौड़ी में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनहित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। बैठक का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी द्वारा कैबिनेट मंत्री के स्वागत के साथ हुआ। समीक्षा बैठक में सड़क,पेयजल,स्वास्थ्य,विद्युत,शिक्षा,सिंचाई,ग्रामीण विकास एवं अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करें और गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनते हुए उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं,इसलिए जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सकेगा। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन मोटर मार्गों,सड़क सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरेखा का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं,मरीजों एवं ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य एवं परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गांवों तक सुगम सड़क संपर्क अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि लंबित मोटर मार्गों का शीघ्र सर्वेक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएं तथा स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। बैठक के दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने वन विभाग से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 30 मई तक सभी लंबित मामलों के निरीक्षण प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। राज्य सेक्टर के अंतर्गत वर्ष 2017 एवं उससे पूर्व स्वीकृत कार्यों से जुड़े 12 प्रकरणों की भी समीक्षा की गई,जिनमें ग्रामीणों एवं वन विभाग की आपत्तियों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जानकारी दी गई कि स्टेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं,जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं और 2 कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो सके हैं। वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 कार्य पूर्ण हो चुके हैं,4 कार्य निर्माणाधीन हैं तथा एक कार्य अनुबंध प्रक्रिया में है। मुआवजा वितरण कार्यों की प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया गया। इसके अतिरिक्त वन टाइम मेंटेनेंस के 19 कार्यों तथा आपदा एवं विशेष मरम्मत से संबंधित 29 कार्यों की भी समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्माणाधीन सड़कें एवं विकास कार्य पूर्ण कर लिए जाएं ताकि बरसात के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में स्वीकृत 10 पदों के सापेक्ष केवल 7 कार्मिक कार्यरत पाए जाने पर कैबिनेट मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कार्मिकों की विस्तृत सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि क्षेत्र में कहीं भी झूलती विद्युत लाइनें,टूटे अथवा झुके हुए बिजली के पोल नहीं रहने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यटन विभाग को सतपुली स्थित एंग्लिंग हट निर्माण कार्यों की जांच करने तथा सिंचाई विभाग को सतपुली निरीक्षण भवन का निर्माण आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी,भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर,अधीक्षण अभियंता महिपाल सिंह रावत,अधिशासी अभियंता प्रवीण सैनी,आरटीओ विमल पांडे,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा,जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल,जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी,मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती,जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया,जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...