
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं प्रख्यात अकादमिक व्यक्तित्व प्रो.एम.पी.एस.बिष्ट को भारतीय सेना द्वारा एक प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर लैंसडाउन में आयोजित 25 वीं द्विवार्षिक कॉन्फ्रेंस 2026 के अवसर पर प्रदान किया गया। गढ़वाल की धरती के लिए गौरव का विषय बने इस सम्मान समारोह का आयोजन गढ़वाल पल्टन के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी के नेतृत्व में भव्य रूप से किया गया। समारोह में गढ़वाल पल्टन की 22 विभिन्न बटालियनों के कमांडेंट्स सहित भारतीय सेना के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस विशेष अवसर पर रेजिमेंट के कर्नल लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक गौरवशाली बना दिया। सैन्य परंपराओं,अनुशासन और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत इस समारोह में प्रो.बिष्ट को चीफ ऑफ स्ट्रेटजिक कमांडर बैज से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन विशिष्ट नागरिकों को प्रदान किया जाता है,जिन्होंने समाज,शिक्षा जगत और सैन्य समुदाय के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। प्रो.एम.पी.एस.बिष्ट ने लंबे समय से शिक्षा,सामाजिक चेतना और युवा मार्गदर्शन के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज और सैन्य समुदाय के बीच मजबूत संवाद स्थापित करने का कार्य किया है। समारोह के दौरान भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रो.बिष्ट के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और सेना के मध्य बेहतर समन्वय राष्ट्र निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक चेतना,अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने में शिक्षाविदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम में भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल नवीन सचदेवा तथा लेफ्टिनेंट जनरल गैम्बियर सिंह सहित अनेक सैन्य अधिकारी,गणमान्य अतिथि एवं अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान सैन्य गरिमा,अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। प्रो.एम.पी.एस.बिष्ट को मिला यह सम्मान न केवल गढ़वाल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व और सम्मान का विषय माना जा रहा है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इसे समाज और सेना के बीच बढ़ते सकारात्मक संबंधों का प्रतीक बताते हुए प्रो.बिष्ट को शुभकामनाएं दी हैं।