
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड की देवभूमि सांस्कृतिक,धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी श्रीनगर गढ़वाल में ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। आस्था,परंपरा और लोक-संस्कृति के इस ऐतिहासिक उत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए नगर निगम श्रीनगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को आवास विकास मैदान में मेले के सफल,निर्विघ्न एवं मंगलमय आयोजन की कामना के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही मेले के आयोजन का विधिवत शंखनाद हो गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में महापौर आरती भंडारी,नगर आयुक्त नुपुर वर्मा सहित पार्षदगण,नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पंडित विपिन थपलियाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक आस्था,गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। यह मेला केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है,बल्कि लोक-संस्कृति,लोककला,सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का भी एक बड़ा उत्सव है। मेले से श्रीनगर की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान जुड़ी हुई है। नगर निगम का प्रयास है कि इस वर्ष मेले को पहले से अधिक भव्य,आकर्षक,सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाए। महापौर ने कहा कि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं,स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। स्वच्छता,सुरक्षा,यातायात प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने नगरवासियों,व्यापारियों और क्षेत्रीय जनता से मेले को सफल बनाने में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की अपील की। इस वर्ष बैकुंठ चतुर्दशी मेले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ स्थानीय उत्पादों,हस्तशिल्प,पारंपरिक खानपान और विभिन्न विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। उत्तराखंड की लोक-संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय कलाकारों को विशेष मंच देने की पहल की जा रही है। इससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं संस्कृति प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ ही पहाड़ी लोक-परंपराओं को व्यापक पहचान मिल सकेगी। भूमि पूजन के साथ ही आवास विकास मैदान में मेला परिसर को आकर्षक स्वरूप देने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सांस्कृतिक मंच,विभिन्न स्टॉल,झूले-चरखियां,सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं शहर के प्रमुख मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारियां की जा रही हैं। नगर निगम का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं,पर्यटकों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें श्रीनगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जाए। बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की पहचान और जनभावनाओं से जुड़ा ऐसा आयोजन है,जिसमें धर्म,संस्कृति,व्यापार,पर्यटन और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिलता है। भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियों ने नगरवासियों में मेले को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है। इस अवसर पर पार्षद दिनेश पटवाल,प्रवेश चमोली,पंकज सती,आशीष नेगी,अंजनी भंडारी,अंजना डोभाल,सुनीता गैरोला,गुड्डी गैरोला,पूजा किमोठी,रश्मि,झाबर रावत,सुरेंद्र कुमार,उज्ज्वल अग्रवाल,सोनू चमोली,नरेंद्र रावत,अनुराग चौहान,सुमित बिष्ट,धर्म सिंह रावत सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।