अब डिजिटल मंच पर चमकेगी युवा शक्ति-फिटनेस,संस्कृति और नवाचार के महासंगम डिजिटल युवा महोत्सव-2026 का आगाज

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बदलते दौर में युवाओं की ऊर्जा,रचनात्मक सोच और डिजिटल दक्षता को नई पहचान दिलाने की दिशा में जनपद पौड़ी गढ़वाल एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रहा है।

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। बदलते दौर में युवाओं की ऊर्जा,रचनात्मक सोच और डिजिटल दक्षता को नई पहचान दिलाने की दिशा में जनपद पौड़ी गढ़वाल एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रहा है। अब युवा केवल खेल मैदानों या सांस्कृतिक मंचों तक सीमित नहीं रहेंगे,बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। फिटनेस,संस्कृति,पर्यटन,फोटोग्राफी और नवाचार का अनूठा संगम बनने जा रहा डिजिटल युवा महोत्सव-2026 युवाओं के लिए अपनी क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बनेगा। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना,डिजिटल तकनीक के सकारात्मक उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक,प्राकृतिक और पर्यटन विरासत का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। महोत्सव का आयोजन फिट उत्तराखण्ड ऐप के माध्यम से पूर्णतः ऑनलाइन किया जाएगा,जिससे जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी समान अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत एवं टीम श्रेणी में प्रतिभाग कर सकेंगे। पंजीकरण से लेकर वीडियो,रील और फोटो अपलोड करने तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया डिजिटल होगी,जिससे प्रतियोगिता पारदर्शी,सरल और अधिक सहभागितापूर्ण बनेगी। चार सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रत्येक सप्ताह नई चुनौतियां और नई प्रतिस्पर्धाएं युवाओं का उत्साह बढ़ाएंगी। प्रथम सप्ताह में सूर्य नमस्कार चैलेंज तथा मेरा जनपद-मेरी पहचान,द्वितीय सप्ताह में पुश-अप एवं स्क्वाट चैलेंज के साथ माई उत्तराखण्ड,माई प्राइड,तृतीय सप्ताह में स्किपिंग एवं प्लैंक चैलेंज तथा युवा फोटोग्राफी प्रतियोगिता,जबकि अंतिम सप्ताह में फिटनेस फिनाले और वन मिनट-वन स्किल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की शारीरिक क्षमता,रचनात्मकता,नवाचार और सांस्कृतिक समझ का समग्र मूल्यांकन किया जाएगा। प्रतिभागियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी मौलिक वीडियो,रील अथवा फोटो फिट उत्तराखण्ड ऐप पर अपलोड करनी होगी। प्रतियोगिता की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए संपादित,विशेष प्रभावयुक्त अथवा पूर्व प्रकाशित सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी। समय सीमा के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर भी विचार नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित की गई है। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,000 रुपए,द्वितीय को 3,000 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा,जहां वे पूरे उत्तराखण्ड के प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों,शिक्षण संस्थानों,युवा मंगल दलों,महिला मंगल दलों और सामाजिक संगठनों के साथ व्यापक समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों,महाविद्यालयों तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में फिट उत्तराखण्ड ऐप पर पंजीकरण कर इस महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल युवा महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं,बल्कि युवाओं को स्वस्थ,आत्मविश्वासी,तकनीक-सक्षम और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का अभिनव अभियान है। इससे न केवल फिटनेस और रचनात्मक प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा,बल्कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत,पर्यटन स्थलों और स्थानीय पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। डिजिटल युवा महोत्सव-2026 जनपद पौड़ी गढ़वाल के युवाओं के लिए एक ऐसा अवसर लेकर आया है,जहां प्रतिभा,तकनीक और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन न केवल युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा,बल्कि उत्तराखण्ड को डिजिटल,स्वस्थ और आत्मविश्वासी युवा शक्ति की दिशा में आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...