उदीयमान खिलाड़ियों की उड़ान-पौड़ी में खेल प्रतिभाओं का उमड़ा उत्साह,छात्रवृत्ति योजना के चयन ट्रायल में 255 नौनिहालों ने दिखाया दम

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड की नई खेल प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के रूप में तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार का

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखण्ड की नई खेल प्रतिभाओं को पहचान देने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी के रूप में तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार का महत्वाकांक्षी अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। खेलों के प्रति बच्चों का बढ़ता उत्साह और अभिभावकों का भरोसा इस बात का संकेत है कि आने वाले वर्षों में उत्तराखण्ड खेल जगत में नई ऊंचाइयां छूने की ओर अग्रसर है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय चयन ट्रायल लगातार तीसरे दिन भी उत्साह,अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुए। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में आयोजित चयन प्रक्रिया में जनपद के विभिन्न विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बाल खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा,शारीरिक क्षमता और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चयन ट्रायल में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरे परिसर में भविष्य के खिलाड़ियों के सपनों की झलक साफ दिखाई दे रही थी। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को आयोजित चयन ट्रायल में नगर पालिका परिषद पौड़ी,कोट,कल्जीखाल,पाबौ,खिर्सू,एकेश्वर,पोखड़ा तथा नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग के कुल 255 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न खेल परीक्षणों में अपनी गति,फुर्ती,सहनशक्ति,संतुलन और खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की समय रहते पहचान कर उन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण,प्रोत्साहन और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से बेहतर खेल सुविधाएं प्राप्त होंगी,जिससे वे भविष्य में राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए स्वयं को तैयार कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी,निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। प्रत्येक प्रतिभागी का निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण किया गया ताकि वास्तविक प्रतिभा का चयन सुनिश्चित किया जा सके। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षकों,ब्लॉक समन्वयकों,खेल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी मेहनत और समन्वय के कारण चयन प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सुचारु रूप से संपन्न हुई। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। यह योजना आर्थिक रूप से साधारण परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का मजबूत आधार दे रही है। जनपद पौड़ी गढ़वाल में चयन ट्रायल के प्रति लगातार बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि आज की युवा पीढ़ी खेलों को केवल मनोरंजन नहीं,बल्कि अपने उज्ज्वल भविष्य और करियर के रूप में भी देख रही है। प्रशासन की यह पहल निश्चित रूप से आने वाले समय में जनपद से अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...