कमलेश्वर धाम में शिवमहापुराण कथा से पूर्व भागीरथी कला संगम ने मंदिर व गौशाला प्रांगण में चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। जहां स्वच्छता है,वहीं पवित्रता है,जहां सेवा है,वहीं सच्ची भक्ति का वास है। इसी पावन भावना को साकार करते हुए भागीरथी कला संगम श्रीनगर के सदस्यों ने शुक्रवार

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। जहां स्वच्छता है,वहीं पवित्रता है,जहां सेवा है,वहीं सच्ची भक्ति का वास है। इसी पावन भावना को साकार करते हुए भागीरथी कला संगम श्रीनगर के सदस्यों ने शुक्रवार 31 जुलाई 2026 को ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र भगवान कमलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर सामाजिक,सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। आगामी 2 अगस्त 2026 से मंदिर परिसर में आयोजित होने वाली श्री शिवपुराण कथा के शुभारंभ से पूर्व कमलेश्वर महादेव मंदिर के महंत आशुतोष पुरी,पंडित जगदीश प्रसाद नैथानी, पंडित प्रकाश खंकरियाल ने समिति के सभी सदस्यों का धन्यवाद दिया। महन्त आशुतोष पुरी ने कहा कि भागीरथी कला संगम स्वच्छता का कार्य शहर और आसपास के मठ मंदिरों,सार्वजनिक स्थानों पर पार्कों पर स्वच्छता कार्य करती रहती है। इस विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत गौशाला प्रांगण से लेकर मंदिर के मुख्य द्वार तक पूरे परिसर की चरणबद्ध एवं गहन सफाई की गई। पहले समस्त परिसर में सूखे झाडू से धूल एवं कचरे को हटाया गया,तत्पश्चात जल से धुलाई कर पूरे प्रांगण को स्वच्छ,निर्मल एवं भक्तों के स्वागत के योग्य बनाया गया। प्रातःकाल प्रारंभ हुआ यह सेवा अभियान कई घंटों तक निरंतर चलता रहा। भागीरथी कला संगम के सदस्यों ने बिना किसी अपेक्षा के श्रमदान करते हुए यह संदेश दिया कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन का दायित्व नहीं,बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है। इस पुण्य कार्य में संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल,मुकेश नौटियाल,पदमेंद्र रावत,भगत सिंह बिष्ट,रघुवीर रावत,हरेंद्र तोमर,रवि पुरी,दीनबंधु सिंह चौहान,पी.सी.नौडीयाल,किशोरी लाल नौटियाल,यमुना प्रसाद काला एवं रमेश चन्द्र थपलियाल सहित अनेक सदस्यों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ श्रमदान किया। अभियान में राधा बिष्ट ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए संस्था के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भागीरथी कला संगम द्वारा समाजहित एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य अत्यंत प्रेरणादायी हैं और ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं जनजागरण का संचार होता है। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल ने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों के निस्वार्थ सेवा भाव,अनुशासन,अथक परिश्रम और समर्पण के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ मंदिर,स्वच्छ समाज और स्वच्छ भारत का संकल्प तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक सेवा और स्वच्छता को अपने जीवन का संस्कार बनाए। कमलेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित होने वाली शिवपुराण कथा से पूर्व संपन्न यह स्वच्छता महाअभियान न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना,बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व,सांस्कृतिक संरक्षण और जनसेवा की भावना का भी जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने अंत में जय हिंद,जय भारत,जय उत्तराखंड के उद्घोष के साथ समाज में स्वच्छता,सेवा और संस्कार का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...