
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के रक्षा,सामरिक एवं भू-राजनीतिक अध्ययन विभाग द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल की ग्राम सभा डांगचौरा में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित कर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण,स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संदेश समाज तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा गांव में स्वच्छता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। प्रतिभागियों ने कहा कि शहीदों की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि केवल शब्दों से नहीं,बल्कि समाज और राष्ट्र के हित में किए गए सकारात्मक कार्यों से दी जा सकती है। वक्ताओं ने कहा कि 26 जुलाई भारतीय इतिहास का गौरवशाली दिवस है। वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम एवं बर्फीली चोटियों पर भारतीय सेना ने अदम्य साहस,अद्वितीय पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देते हुए ऑपरेशन विजय के माध्यम से पाकिस्तानी घुसपैठियों को परास्त कर भारत माता का तिरंगा पुनः शान से फहराया था। लगभग दो माह तक चले इस भीषण युद्ध में देश के अनेक वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, जिनके शौर्य और बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल विजय का उत्सव नहीं,बल्कि राष्ट्रभक्ति,कर्तव्यनिष्ठा,अनुशासन और बलिदान की अमर गाथा को स्मरण करने का अवसर है। आज की युवा पीढ़ी को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण,पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रहना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने देश की एकता,अखंडता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया तथा कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को विनम्र नमन किया। इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षक,शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।