कोट में स्वास्थ्य सेवाओं का महाकुंभ-तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में 556 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोट में आयोजित तीन दिवसीय वृहद विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हुआ। शिविर में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे 556 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त कर निःशुल्क उपचार,विभिन्न जांचों तथा आवश्यक दवाइयों का लाभ उठाया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उन्हें रोग के अनुरूप चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से एक्स-रे,विभिन्न प्रकार की रक्त जांच,मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच,गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच,ओरल कैंसर,सर्वाइकल कैंसर तथा स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी मौके पर बनाए गए,जिससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। तीन दिनों तक चले इस स्वास्थ्य शिविर में जनरल फिजिशियन द्वारा 193 मरीजों,हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा 56,स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा 27 महिलाओं,नेत्र रोग विशेषज्ञ द्वारा 34 तथा दंत रोग विशेषज्ञ द्वारा 48 मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त 85 लोगों की रक्त जांच,132 लोगों के टीबी संबंधी एक्स-रे किए गए तथा 3 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। इससे उन्हें जिला मुख्यालय या बड़े अस्पतालों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती और समय के साथ आर्थिक व्यय की भी बचत होती है। शिविर के सफल संचालन में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.उपेंद्र पंवार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला चिकित्सालय पौड़ी से पहुंचीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.निहारिका बिष्ट,हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.अगमकांत,डॉ.सोनाली जोशी,एल.टी.राजदीप,मनीषा रावत सहित समस्त चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने पूरे समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके और लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। तीन दिवसीय शिविर में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर जनहित में अत्यंत प्रभावी साबित हो रहे हैं।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...