
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए इसे देशभर के आंदोलनरत छात्रों,युवाओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भले ही देर से लिया गया हो,लेकिन यह जनदबाव और लोकतांत्रिक संघर्ष के आगे सरकार के झुकने का प्रमाण है। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि नीट परीक्षा प्रकरण ने देश की परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए हैं। इस पूरे मामले में जिन छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों को मानसिक,सामाजिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा,उनके साथ न्याय किया जाना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण में जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान किया जाए,ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय और सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही जिन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अपने पद और वर्दी के दुरुपयोग के आरोप हैं,उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए,ताकि कानून के शासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जनता का विश्वास और मजबूत हो। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद छात्र,युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करते रहे। उन्होंने इसे लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ी गई महत्वपूर्ण लड़ाई बताते हुए कहा कि यह जीत उन सभी लोकतंत्र प्रहरियों की है जिन्होंने अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की और शांतिपूर्ण आंदोलन के माध्यम से जनभावनाओं को अभिव्यक्ति दी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी,प्रियंका गांधी वाड्रा तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल,वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत,यशपाल आर्य तथा प्रीतम सिंह सहित प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य की जनता की भावनाओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा। धीरेंद्र प्रताप ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष और जनसरोकारों की राजनीति के बल पर कांग्रेस आगामी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगी और प्रदेश की जनता का विश्वास प्राप्त करेगी।