हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं,बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं,विश्वास और समर्पण का विराट संगम है। इस महापर्व को शांतिपूर्ण,सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी प्रतिबद्धता, सतर्कता और सेवा भाव के साथ चौबीसों घंटे मोर्चे पर डटी हुई है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह संदेश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने श्री नीलकंठ महादेव मंदिर से पुण्डरासू चौक,पुलिया खेत,धांधलापानी,मौनी बाबा आश्रम होते हुए लक्ष्मणझूला तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे दुर्गम यात्रा मार्ग का पैदल भ्रमण किया। धूप,बारिश,चढ़ाई और कठिन पहाड़ी रास्तों की परवाह किए बिना उन्होंने प्रत्येक संवेदनशील स्थल और ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा,सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए किए गए इंतजामों का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से मौके की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था,भीड़ नियंत्रण,यातायात संचालन,बैरिकेडिंग,संवेदनशील स्थलों की निगरानी,सहायता केंद्रों,संचार व्यवस्था तथा आपदा एवं आपातकालीन तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए,ताकि किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से सीधे संवाद करते हुए एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनका उत्साहवर्धन किया और कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जवानों से ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों,आवश्यक संसाधनों,मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस बल की सुविधा और मनोबल मजबूत रहेगा तो श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक प्रभावी होगी। एसएसपी ने सभी जोनल एवं सेक्टर प्रभारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में अतिरिक्त पुलिस बल,संसाधन एवं राहत व्यवस्था तत्काल उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखते हुए सेवा,सुरक्षा और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया जाए। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट दिखाई दिया कि पौड़ी पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है,बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर सक्रिय,संवेदनशील और जवाबदेह भूमिका निभा रही है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का स्वयं पैदल निरीक्षण करना पुलिस की कार्यशैली,प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण माना जा रहा है।