
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। पत्रकारों के हितों की रक्षा,उनके लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को श्रीनगर गढ़वाल स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) परिसर में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने की,जिसमें पत्रकारों,सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रवीर गायत्री ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहलाने वाले पत्रकार आज भी अनेक व्यावसायिक,सामाजिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान,सुरक्षा,सामाजिक संरक्षण तथा लंबित मांगों के समाधान के लिए संगठन लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल तथा कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात की जाएगी। इस दौरान पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान का आग्रह किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन केवल पत्रकारों की समस्याओं तक सीमित नहीं है,बल्कि समाज के जनहित से जुड़े मुद्दों को भी मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकारों की सुरक्षा,सम्मान और अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ निष्पक्ष एवं जनपक्षीय पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने भी पत्रकारों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों,ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत संवाददाताओं की चुनौतियों तथा संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार साझा किए। सभी ने एकजुट होकर पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने और संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौड़,अमर उजाला के ब्यूरो प्रमुख श्रीकृष्ण उनियाल,श्रीनगर व्यापार सभा के अध्यक्ष अनुज जोशी,वरिष्ठ समाजसेवी बादल भाई सहित अनेक पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताते हुए संगठन की पहल का स्वागत किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई,जहां पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने,पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा तथा समाज और लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।