पाबों विशेष स्वास्थ्य शिविर-ग्रामीण अंचल को मिली राहत,पहले ही दिन 146 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग का प्रयास लगातार प्रभावी साबित हो

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग का प्रयास लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। सेवा,सुशासन और समर्पण के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबों में मंगलवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में मरीजों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर निःशुल्क जांच एवं उपचार का लाभ उठाया। तीन दिवसीय यह शिविर 28 से 30 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसका शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख लता रावत एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष विमल नेगी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख लता रावत ने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर ग्रामीण जनता के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। अब दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को छोटी-बड़ी जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के लिए शहरों के अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं,जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत हो रही है। शिविर के प्रथम दिवस नेत्र रोग,हड्डी रोग,नाक-कान-गला (ईएनटी),फिजिशियन तथा महिला रोग विशेषज्ञों सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। शिविर में निःशुल्क एक्स-रे,प्रयोगशाला जांच,गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच,टीबी स्क्रीनिंग,एनसीडी (गैर-संचारी रोग) स्क्रीनिंग तथा दिव्यांग प्रमाण-पत्र जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। पहले दिन कुल 146 लाभार्थियों ने शिविर का लाभ उठाया। इनमें 83 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग,24 मरीजों की टीबी जांच,38 मरीजों की प्रयोगशाला जांच,36 मरीजों के एक्स-रे,56 नेत्र रोगियों का परीक्षण,6 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा एक पात्र व्यक्ति का दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण,संतुलित आहार,स्वच्छ जीवनशैली और समय पर उपचार अपनाने की भी सलाह दी। शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.पंकज सिंह के नेतृत्व में उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर से आई विशेषज्ञ टीम में डॉ.समीक्षा,डॉ.सौरभ,डॉ.दिगपाल,डॉ.मोहित,डॉ.सौरभ सहित अन्य चिकित्सक,स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने समन्वित रूप से मरीजों की जांच,उपचार एवं परामर्श की व्यवस्था को सफलतापूर्वक संचालित किया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर के आगामी दो दिनों में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श,जांच एवं उपचार की सुविधाएं जारी रहेंगी। अधिक से अधिक लोगों से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराने की अपील की गई है। विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर ने पहले ही दिन यह साबित कर दिया कि यदि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं गांवों तक पहुंचें,तो आमजन को समय पर उपचार मिलने के साथ उनकी जीवन गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार संभव है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...