प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब-श्रीनगर में डॉ.धन सिंह रावत ने किया राष्ट्र निर्माण का आह्वान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर के सभागार में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया।

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर के सभागार में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ.धन सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधियों,भाजपा पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं,शिक्षकों,विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन को एकाग्रता के साथ सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कारगिल विजय दिवस के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस,शौर्य और बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया,ताकि देशभक्ति की भावना प्रत्येक घर तक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने तथा वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही आगामी गणेश उत्सव में मिट्टी से बनी भगवान गणेश की प्रतिमाओं का उपयोग करने का आग्रह किया,जिससे पर्यावरण सुरक्षित रह सके। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल अभियान को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए स्थानीय उत्पादों,खादी,हस्तशिल्प,पारंपरिक वाद्य यंत्रों तथा भारतीय संस्कृति और लोककलाओं को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी,बल्कि लाखों लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों में नवाचार करने वाले युवाओं,हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों तथा समाज के अनदेखे नायकों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम को स्मरण करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। साथ ही गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए बैडमिंटन,क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं,बल्कि अनुशासन,आत्मविश्वास और राष्ट्र गौरव का माध्यम हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं,बल्कि देशवासियों को जोड़ने,सकारात्मक सोच विकसित करने और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के अनदेखे नायकों,पर्यावरण संरक्षण,स्वच्छता,महिला सशक्तिकरण,युवा शक्ति,आत्मनिर्भर भारत और जनसेवा जैसे विषयों को राष्ट्रीय चर्चा का केंद्र बनाकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार,आधारभूत संरचना और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत का सपना साकार होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर प्रशासन एवं स्थानीय भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य एस.के.वर्मा,भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,जिला महामंत्री गणेश भट्ट,भाजपा आशा उपाध्यक्ष विजय लक्ष्मी,मंडल मीडिया प्रभारी प्रकाश सती,संजय गुप्ता,शुभम प्रभाकर,दिनेश असवाल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी,कार्यकर्ता,बूथ संख्या-97 के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने उपस्थित सभी लोगों से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने,पर्यावरण संरक्षण,स्वदेशी अपनाने,राष्ट्र निर्माण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी शक्ति है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...