
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। संगठन की वास्तविक शक्ति किसी बड़े मंच पर नहीं,बल्कि बूथ स्तर पर कार्यरत समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनसेवा के संकल्प में निहित होती है। इसी मूल भावना को आत्मसात करते हुए भारतीय जनता पार्टी श्रीनगर मंडल द्वारा नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बूथ संख्या 109,133,135 एवं 136 की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन विस्तार,बूथ सशक्तिकरण,जनसंपर्क अभियान तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर व्यापक मंथन किया गया। बैठक के मुख्य वक्ता एवं मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन उसकी सबसे बड़ी पूंजी है और बूथ स्तर पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग से सतत संवाद स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा,सेवा,समर्पण और राष्ट्रहित के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत,मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,मंडल उपाध्यक्ष संजय गुप्ता एवं विजय लक्ष्मी तथा मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती,कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता का आधार कार्यकर्ताओं की एकजुटता,अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क है। इस अवसर पर नितिन घिल्डियाल,शक्ति केंद्र संयोजक आशा उपाध्याय,शक्ति केंद्र प्रभारी सुरेंद्र सिंह नेगी सहित पार्टी के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की नीतियों एवं विकास कार्यों को पहुंचाने का संकल्प दोहराया। बैठक में बूथ अध्यक्ष प्रकाश सती,महादेव धस्माना,अनिल उनियाल,आरती नौटियाल,अरुण बहुगुणा,रश्मि ध्यानी एवं संगीता जखमोला सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान संगठनात्मक एकजुटता,अनुशासन और सेवा भाव का वातावरण देखने को मिला। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी संगठनात्मक अभियानों को पूरी निष्ठा एवं ऊर्जा के साथ सफल बनाने तथा बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।