बेस अस्पताल श्रीनगर को मिला नया नेतृत्व-डॉ.ए.एन.पाण्डेय के हाथों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता केवल आधुनिक संसाधनों से नहीं,बल्कि कुशल नेतृत्व,संवेदनशील प्रशासन और समर्पित चिकित्सा व्यवस्था से भी तय होती है। इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता केवल आधुनिक संसाधनों से नहीं,बल्कि कुशल नेतृत्व,संवेदनशील प्रशासन और समर्पित चिकित्सा व्यवस्था से भी तय होती है। इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय बेस चिकित्सालय श्रीनगर में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर प्रशासनिक बदलाव किया गया है। प्राचार्य एवं डीन डॉ.आशुतोष सयाना के आदेशानुसार वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं प्रोफेसर डॉ.ए.एन.पाण्डेय को अग्रिम आदेशों तक बेस अस्पताल का चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है। जारी आदेश के अनुसार अब तक चिकित्सा अधीक्षक का अतिरिक्त दायित्व निभा रहे जनरल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ.राकेश रावत को उनके अनुरोध पर इस जिम्मेदारी से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर डॉ.ए.एन.पाण्डेय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक के रूप में प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे। वे अपने विभागीय कार्यों के साथ-साथ अस्पताल की समस्त प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी भी करेंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अतिरिक्त दायित्व के लिए उन्हें कोई अतिरिक्त मानदेय अथवा अन्य वित्तीय परिलब्धियां देय नहीं होंगी। डॉ.ए.एन.पाण्डेय लंबे समय से मेडिकल कॉलेज एवं बेस चिकित्सालय श्रीनगर के नेत्र रोग विभाग में प्रोफेसर के रूप में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव,प्रशासनिक दक्षता और अनुशासित कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पूर्व भी वे विभिन्न अवसरों पर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक के रूप में सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं देकर अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दे चुके हैं। डॉ.पाण्डेय की नियुक्ति को अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। चिकित्सकों,स्वास्थ्य कर्मियों और कर्मचारियों का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में अस्पताल की व्यवस्थाओं में और अधिक पारदर्शिता,अनुशासन एवं कार्यकुशलता आएगी। साथ ही मरीजों को समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई गति मिलेगी। अपने सरल,सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण डॉ.ए.एन.पाण्डेय चिकित्सकों,कर्मचारियों और मरीजों के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहे हैं। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली और सेवा भावना को देखते हुए अस्पताल परिवार ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में बेस चिकित्सालय नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगा। नई जिम्मेदारी संभालने पर अस्पताल परिवार,चिकित्सकों,कर्मचारियों तथा शुभचिंतकों ने डॉ.ए.एन.पाण्डेय को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल,प्रभावी एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की है। उनके नेतृत्व से श्रीनगर बेस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...