रांसी स्टेडियम में उभरा खेल प्रतिभाओं का जोश-उदीयमान खिलाड़ियों की खोज में 278 बाल खिलाड़ियों ने दिखाया दम

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत जनपद

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में मंगलवार से जनपद स्तरीय चयन ट्रायल का शुभारंभ हुआ। रांसी स्टेडियम में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं नगरीय क्षेत्रों से पहुंचे 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह,जोश और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में दौड़ते,छलांग लगाते और विभिन्न खेल दक्षता परीक्षणों में भाग लेते खिलाड़ियों का उत्साह यह संदेश दे रहा था कि जनपद की धरती पर खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है,आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस चयन ट्रायल का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें व्यवस्थित प्रशिक्षण,प्रोत्साहन और छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराना है,ताकि वे भविष्य में उत्तराखंड और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में रोशन कर सकें। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चयन ट्रायल के प्रथम दिवस में कोटद्वार नगर निगम,दुगड्डा,द्वारीखाल,यमकेश्वर,नैनीडांडा,रिखणीखाल,बीरोंखाल,जयहरीखाल तथा थलीसैंण विकासखंडों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पहले दिन बालक वर्ग के कुल 278 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल दक्षता परीक्षणों में भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता,फुर्ती,सहनशक्ति एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना का मूल उद्देश्य बाल्यावस्था से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चिन्हित कर उन्हें आर्थिक सहयोग,गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण तथा खेल संसाधन उपलब्ध कराना है। इससे युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रेरित होंगे। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष,पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शारीरिक शिक्षकों,ब्लॉक समन्वयकों,प्रशिक्षकों तथा जिला खेल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन,खेल भावना और उत्साह का वातावरण बना रहा। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के चयन ट्रायल न केवल नई प्रतिभाओं को आगे लाने का माध्यम बनते हैं,बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी अपनी क्षमता साबित करने का समान अवसर प्रदान करते हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस चयन प्रक्रिया से निकलने वाली अनेक प्रतिभाएं भविष्य में उत्तराखंड और देश के लिए खेल जगत में नई उपलब्धियों का इतिहास रचेंगी।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...