रोटरी क्लब श्रीनगर का 27 वां पदस्थापना समारोह संपन्न-सेवा,शिक्षा और समाजहित के उत्कृष्ट कार्यों को मिला सम्मान

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल का 27 वां पदस्थापना समारोह नगर के अदिति पैलेस में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में सेवा,शिक्षा,साहित्य एवं समाजसेवा

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल का 27 वां पदस्थापना समारोह नगर के अदिति पैलेस में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में सेवा,शिक्षा,साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया,वहीं रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए नवगठित कार्यकारिणी ने विधिवत दायित्व ग्रहण कर समाजहित में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम में सेवा,समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रोटरी अंतरराष्ट्रीय जिला 3100 की जिला गवर्नर रोटेरियन पायल गौड़ ने कहा कि इस वर्ष रोटरी की वैश्विक थीम स्थायी सकारात्मक प्रभाव का सृजन है। इसी उद्देश्य के अनुरूप ऐसे जनकल्याणकारी सेवा प्रकल्प संचालित किए जाएंगे,जिनका समाज पर दीर्घकालिक और सकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने कहा कि रोटरी केवल सेवा का संगठन नहीं,बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है,जिसने विश्वभर में मानवता की सेवा के नए आयाम स्थापित किए हैं। समारोह के विशिष्ट अतिथि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय/रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग के निदेशक प्रो.पी.वी.बी.सुब्रमण्यम ने कहा कि समाज में तेजी से बढ़ती नशे की प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बुराई से निपटने के लिए सभी सामाजिक संस्थाओं,शिक्षण संस्थानों और जागरूक नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनका संस्थान इस दिशा में रोटरी क्लब को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। समारोह में साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रख्यात साहित्यकार डॉ.विष्णु दत्त कुकरेती तथा शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ.वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल को व्यावसायिक उत्कृष्टता सम्मान-2026 से अलंकृत किया गया। वहीं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जैम) में अखिल भारतीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली कु.साक्षी निजवाल को शैक्षणिक उत्कृष्टता सम्मान-2026 प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनों ने इन सभी सम्मानित व्यक्तित्वों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया। समारोह के दौरान रोटरी वर्ष 2025-26 की कार्यकारिणी ने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से दायित्व सौंपा। निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन हिमांशु अग्रवाल,सचिव रोटेरियन संजय सिंह रावत एवं कोषाध्यक्ष रोटेरियन मनीष कोठियाल ने नव निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौंडियाल,सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट तथा कोषाध्यक्ष रोटेरियन डॉ.आर.एस.भंडारी को पदभार हस्तांतरित किया। निवर्तमान सचिव रोटेरियन संजय सिंह रावत ने गत वर्ष के दौरान क्लब द्वारा स्वास्थ्य,शिक्षा,पर्यावरण संरक्षण,आपदा राहत,रक्तदान,जनजागरूकता तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं नव नियुक्त सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट ने आगामी वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार,पर्यावरण संरक्षण,युवा सशक्तिकरण,शिक्षा संवर्धन एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर रोटरी के क्षेत्रीय समन्वयक रोटेरियन बृजेश भट्ट,जिला रोटरी फाउंडेशन समिति अध्यक्ष रोटेरियन सागर शर्मा तथा सहायक गवर्नर रोटेरियन संजीव रस्तोगी ने भी क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं और समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। समारोह के दौरान छबी प्रकाश अग्रवाल,अनूप सिंह नेगी तथा प्रत्यूष पंवार ने रोटरी क्लब की सदस्यता ग्रहण कर सेवा के इस वैश्विक अभियान से स्वयं को जोड़ा। वहीं क्लब की सेवा गतिविधियों को आर्थिक सहयोग देने वाले प्रवीण अग्रवाल,थराली आपदा राहत अभियान में उल्लेखनीय सहयोग के लिए जामा मस्जिद समिति तथा रोटरी की प्रेरणा से संयुक्त चिकित्सालय में शीतल पेयजल यंत्र स्थापित कराने वाले समाजसेवी चंद्र प्रकाश कटारिया को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रोटेरियन अनूप घिल्डियाल एवं रोटेरियन दिनेश प्रसाद जोशी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौंडियाल ने सभी अतिथियों,सम्मानित व्यक्तियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लब श्रीनगर भविष्य में भी सेवा,सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ जनहित के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। समारोह में रोटेरियन सीताराम बहुगुणा,रोटेरियन खिलेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य,गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...