
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 1 अगस्त से 7 अगस्त तक आयोजित इस सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर नवजात शिशुओं की माताओं को स्तनपान के महत्व से अवगत करा रही है। आशा कार्यकर्ता,एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) प्रसूताओं से सीधे संवाद कर उन्हें जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने तथा शिशु के पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह केवल एक अभियान नहीं,बल्कि स्वस्थ समाज की मजबूत नींव रखने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जन्म से छह माह तक मां का दूध ही शिशु के लिए सर्वोत्तम,सुरक्षित और संपूर्ण आहार है,जो बच्चे को आवश्यक पोषण देने के साथ-साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करता है तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि जनपद की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर छतकोट,केवर्स,उरेगी,बाड़ा,श्योली,कुंजखाल,बूढ़ाकोट,अगरोडा,सिगडड़ी,दुगड्डा,औणी सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्तनपान से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों,नवजात शिशु की देखभाल तथा संतुलित पोषण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर माताओं से संवाद किया और बताया कि छह माह की आयु पूरी होने के बाद बच्चों को पूरक आहार के साथ नियमित स्तनपान जारी रखना चाहिए। साथ ही बच्चों में आयरन की कमी को दूर करने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आईएफए (आयरन-फोलिक एसिड) सिरप का नियमित सेवन भी आवश्यक है। डॉ.असवाल ने कहा कि स्तनपान केवल बच्चे के लिए ही नहीं,बल्कि माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। इससे मां और शिशु के बीच भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है तथा कई स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों में भी कमी आती है। उन्होंने सभी परिवारों से अपील की कि वे माताओं को स्तनपान के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं और इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि स्तनपान एवं नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र,आशा कार्यकर्ता अथवा एएनएम से संपर्क करें। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भावना,अभिलाषा नेगी,नीति डोभाल,स्नेहा बिष्ट,दीपिका रावत,सारिका रावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे।