हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। वर्षों से यातायात जाम की समस्या से जूझ रहे श्रीनगर के लिए अब विकास का एक नया अध्याय लिखने की तैयारी शुरू हो गई है। भारत सरकार द्वारा पंच पीपल से स्वीत तक लगभग 8 किलोमीटर लंबी एवं लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत वाली एलिवेटेड रोड परियोजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बार एसोसिएशन श्रीनगर ने इसे जनहित और विकास की दृष्टि से मील का पत्थर बताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत का हार्दिक आभार व्यक्त किया। बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने कहा कि यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण योजना नहीं,बल्कि श्रीनगर के भविष्य को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक विकास अभियान है। एलिवेटेड रोड के निर्माण से चारधाम यात्रा के दौरान शहर में लगने वाले लंबे जाम से स्थायी राहत मिलेगी,जिससे स्थानीय नागरिकों,विद्यार्थियों,व्यापारियों,मरीजों तथा लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप पांथरी ने कहा कि पंच पीपल से स्वीत तक बनने वाली एलिवेटेड रोड श्रीनगर के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष लगातार प्रभावी पैरवी कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह दूरदर्शी पहल आने वाले कई दशकों तक श्रीनगर को यातायात की गंभीर समस्या से राहत दिलाएगी। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रीनगर में लगने वाला भीषण जाम वर्षों से बड़ी चुनौती बना हुआ था। एलिवेटेड रोड बनने से यातायात सुचारु होगा,यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी तथा व्यापार,पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए डॉ.धन सिंह रावत के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह आधुनिक एलिवेटेड रोड श्रीनगर की आधारभूत संरचना को नई पहचान देगी। इससे चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, ईंधन और समय की बचत होगी,पर्यावरणीय प्रदूषण में कमी आएगी तथा क्षेत्र में निवेश,व्यापार,रोजगार और पर्यटन की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के समन्वित प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित परियोजना साकार होने जा रही है,जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियां भी प्राप्त करेंगी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। श्रीनगर की एलिवेटेड रोड परियोजना इसी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है,जो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगी। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष प्रमेश चंद्र जोशी,संरक्षक अनूप पांथरी,बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह भंडारी,पूर्व अध्यक्ष दीपक भंडारी,पूर्व उपाध्यक्ष विवेक जोशी,कोषाध्यक्ष सुबोध भट्ट,महासचिव ब्रह्मानंद भट्ट,पूर्व महासचिव विकास पंत,सह-सचिव देवी प्रसाद खरे,पूर्व सह-सचिव प्रदीप मैठाणी,सुनीता भंडारी,बलवीर सिंह रौतेला,ओमप्रकाश मैठाणी,आनंद सिंह बुटोला,गौरव उपाध्याय,कुलदीप दानू,नितेश भारती,रतन सिंह बिष्ट,अनुपम गोयल,परमानंद मैठाणी,प्रेरणा काला सहित अनेक अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिवक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पंच पीपल से स्वीत तक बनने वाली एलिवेटेड रोड श्रीनगर के विकास की नई पहचान बनेगी और आने वाले समय में यह परियोजना पूरे गढ़वाल क्षेत्र की प्रगति का आधार सिद्ध होगी।