हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए श्रीनगर पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग,नशाखोरी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में जनपदभर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने गश्त और निगरानी के दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर हंगामा कर रहे दो युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार दोनों युवक नशे की हालत में सार्वजनिक स्थल पर शोर-शराबा कर रहे थे,जिससे आसपास के लोगों को असुविधा हो रही थी और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने,सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने तथा आमजन की सुरक्षा और शांति में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें। जनपद पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा,शांतिपूर्ण वातावरण और कानून का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा,ताकि जनपद में शांति,सुरक्षा और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।