सीएचसी घंडियाल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर जनाक्रोश,शीघ्र सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी घंडियाल में लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली,चिकित्सकीय संसाधनों की कमी और आधारभूत सुविधाओं के अभाव

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी घंडियाल में लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली,चिकित्सकीय संसाधनों की कमी और आधारभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर अब जनाक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन देने के बाद सोमवार को जिलाधिकारी पौड़ी को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समिति जनहित में व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन में कहा गया है कि सीएचसी घंडियाल क्षेत्र की हजारों की आबादी के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है,लेकिन आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं के अभाव में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से क्षेत्रवासियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। समिति ने अस्पताल का निरीक्षण कर कई गंभीर कमियों को चिन्हित किया,जिनका शीघ्र निराकरण जनहित में अत्यंत आवश्यक बताया गया है। संघर्ष समिति ने मांग की कि अस्पताल के क्षतिग्रस्त आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा आवश्यकता के अनुसार नए भवनों का निर्माण किया जाए। अस्पताल में पेयजल संकट को देखते हुए बोरवेल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा आरवीजी मशीन,डेंटल ओपीडी के लिए आधुनिक उपकरण,लंबे समय से रिक्त ऑप्टोमेट्रिस्ट के पद पर नियुक्ति,अतिरिक्त एलपीएमओ एवं फार्मासिस्ट की तैनाती की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में अस्पताल परिसर में सोलर लाइट,अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर),चारदीवारी निर्माण,लेबर रूम के प्रवेश द्वार की मरम्मत,वर्षा जल निकासी के लिए समुचित ड्रेनेज व्यवस्था तथा मुख्य सड़क से अस्पताल तक क्षतिग्रस्त मार्ग को सीसी मार्ग के रूप में विकसित किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही फोटोकॉपी मशीन,प्रिंटर,आरओ पेयजल प्रणाली सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय एवं कार्यालयी संसाधन उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर की सुरक्षा के लिए पीआरडी जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। संयोजक नमन चंदोला ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा से किसी भी क्षेत्र की जनता को वंचित नहीं रखा जा सकता। सरकार और जिला प्रशासन का दायित्व है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति क्षेत्र की जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन शुरू करेगी,जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिलाधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे और सीएचसी घंडियाल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करेंगे,ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर,सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...