
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। स्वस्थ मां और स्वस्थ बालक ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव हैं। इसी सोच को साकार करते हुए रोटरी क्लब श्रीनगर ने रोटरी इंटरनेशनल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य माह के अंतर्गत राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय श्रीकोट गंगानली में महिलाओं एवं बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। स्वास्थ्य सेवा,जनजागरूकता और मानवीय संवेदनाओं से ओतप्रोत इस शिविर में कुल 135 लाभार्थियों,जिनमें 92 बच्चे एवं 43 महिलाएं शामिल रहीं,जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ.मारिशा पंवार ने महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य,संतुलित पोषण,स्वच्छता तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता,नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा समय पर उपचार स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला हैं। वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.गोविन्द पुजारी ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उनके शारीरिक विकास,पोषण एवं सामान्य स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श दिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण,संतुलित आहार एवं समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। शिविर के दौरान सेवा और संवेदना का एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। दो वर्ष पूर्व बाघ के हमले में गंभीर रूप से घायल होकर दिव्यांग हुई विद्यालय की पूर्व छात्रा शिया को पूर्व सभासद पूजा गौतम एवं उनके पति संजय गौतम द्वारा व्हीलचेयर भेंट की गई। इस मानवीय सहयोग से छात्रा एवं उसके परिजन भावुक हो उठे और सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। यह पहल कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायी उपलब्धियों में से एक रही। स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में बाल विकास परियोजना खिर्सू की सुपरवाइजर उर्मिला बधानी का विशेष सहयोग रहा,जबकि इंट्रालाइफ फार्मास्यूटिकल्स के आकाश बिष्ट ने आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया। रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौंडियाल ने सभी चिकित्सकों,सहयोगी संस्थाओं,विद्यालय परिवार एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य,शिक्षा और सेवा से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर संचालित करता रहेगा। इस अवसर पर क्लब सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट,कोषाध्यक्ष रोटेरियन डॉ.राजेंद्र भंडारी,रोटेरियन बृजेश भट्ट,नरेश नौटियाल,प्रदीप अंथवाल,के.बी.थपलियाल,प्रशांत पंत,संचित अग्रवाल,ऊषा चौधरी,छवि अग्रवाल,विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रश्मि गौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रोटेरियन सीताराम बहुगुणा ने किया। यह स्वास्थ्य शिविर केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं रहा,बल्कि समाज में सेवा,संवेदना,स्वास्थ्य जागरूकता और मानवता के मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला प्रेरक आयोजन बनकर सामने आया।