
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के जन्मदिवस को श्रीनगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस अस्पताल में सेवा,समर्पण और मानवता के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया,वहीं अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। कार्यक्रम ने समाज को यह संदेश दिया कि जन्मदिवस केवल उत्सव का नहीं,बल्कि जनसेवा और मानव कल्याण के संकल्प का भी अवसर होना चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक उनियाल के सौजन्य से आयोजित रक्तदान शिविर में बेस अस्पताल के चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है,जिससे किसी अनजान व्यक्ति को भी नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने समाज के सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए इसे सामाजिक दायित्व और मानवीय संवेदना का सर्वोच्च उदाहरण बताया। शिविर में बेस अस्पताल के डायलिसिस इंचार्ज मोहर सिंह,नर्सिंग अधिकारी सुरेंद्र जोशी,लैब टेक्नीशियन सहित अनेक कर्मचारियों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त भंडार को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता कई मरीजों के जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर बन जाती है,इसलिए प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता दीपक उनियाल ने बेस अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनी) विभाग में भर्ती महिलाओं का कुशलक्षेम जाना। विभागाध्यक्ष डॉ.नवज्योति बोरा,डॉ.नेहा एवं डॉ.निधि बहुगुणा की उपस्थिति में मरीजों को फल वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि मरीजों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाना और उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना भी समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। ऐसे सेवा कार्य लोगों के भीतर संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के जन्मदिवस को जनहित और सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना वास्तव में समाज के प्रति सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचायक है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर सुदृढ़ हो रही हैं। इस अवसर पर लोकेन्द्र शर्मा,विवेक त्यागी,जितेन्द्र सिंह,त्रिलोक रावत,अमित मलवाल,प्रदीप नेगी,प्रदीप नौटियाल,रुचि डोभाल सहित बड़ी संख्या में अस्पताल कर्मचारी,सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान जैसे पुनीत कार्य को समाज में जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।