
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा सोमवार को विकासखंड बीरोंखाल के नौगांव स्थित पंचायत भवन परिसर में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत नींबू,कटहल,लीची एवं अनार सहित लगभग 300 फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया तथा जनसहभागिता के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्षा गीता धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों,मातृशक्ति,स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं,बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विधानसभा चौबट्टाखाल क्षेत्र में अभियान के शुभारंभ हेतु विधायक सतपाल महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि प्रकृति संरक्षण उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग रहा है। सुंदरलाल बहुगुणा,गौरा देवी तथा हरेला जैसे जनआंदोलनों और परंपराओं ने सदैव प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के नाम पर एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। आज लगाया गया पौधा भविष्य में समाज को स्वच्छ वातावरण,छाया एवं फल प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान संचालित कर रहा है। प्रतिकूल मौसम के कारण स्वयं उपस्थित न हो पाने पर उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में क्षेत्रवासियों से प्रत्यक्ष भेंट का अवसर अवश्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा पूर्व में विश्वविद्यालयों,चिकित्सालयों,विद्यालयों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जा चुका है। संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी से सावन मास में अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी ने वृक्षारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन एवं गीता धामी द्वारा संचालित जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना की। जिला पंचायत सदस्य रजनी रावत ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार एवं आजीविका से जोड़ने पर बल देते हुए गांवों में अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाने का आह्वान किया। समाज कल्याण विभाग से नामित सदस्य प्रेम सिंह नेगी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक परिवार से कम से कम एक फलदार वृक्ष लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रीगोड़ा ने सेवा संकल्प फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण एवं क्षेत्रीय विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की। बद्री-केदार मंदिर समिति की सदस्य नीलम पुरी ने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक उत्तरदायित्व बताते हुए प्रत्येक गांव में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पौध संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में सेवा संकल्प फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था समाजसेवा,पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है तथा जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रयासरत है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नौगांव ओमपाल बिष्ट,सेवा संकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि पवन सिंह,स्वयं सहायता समूह की ब्लॉक मिशन प्रबंधक सुषमा बिष्ट,ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि,महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं,सामाजिक कार्यकर्ता,युवा एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।