
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र की सबसे बड़ी पहचान है। इसी संकल्प को साकार करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सेवा,सुशासन और समर्पण की भावना के अनुरूप जिला चिकित्सालय पौड़ी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। शिविर के दूसरे दिन जिले के दूरस्थ क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों से पहुंचे 451 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श,जांच एवं उपचार प्राप्त कर राहत महसूस की। शिविर में हड्डी रोग,नेत्र रोग,नाक-कान-गला (ईएनटी),फिजिशियन तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों ने मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने रोगियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराईं। विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर मिलने से मरीजों को इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं पड़ी। शिविर के दौरान 42 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग के अंतर्गत उच्च रक्तचाप,मधुमेह एवं मुख कैंसर की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 26 मरीजों की क्षय रोग (टीबी) जांच,85 प्रयोगशाला परीक्षण,73 एक्स-रे,17 नेत्र संबंधी विशेष जांच तथा चार गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व स्वास्थ्य जांच (एएनसी) की गई। इससे समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को केवल चिकित्सकीय परामर्श ही नहीं,बल्कि आधुनिक जांच सुविधाएं,आवश्यक दवाएं,एक्स-रे,प्रयोगशाला परीक्षण,टीबी एवं गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग तथा मातृ स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष राहत मिली। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य दूर-दराज़ के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना,गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करना तथा प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार निरंतर जनहितकारी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.अलीशा सचदेवा,डॉ.मयंक चौहान,डॉ.रूपा,डॉ.गौरव शर्मा,एएनएम नीलम नेगी,नीति डोभाल,विवेक घिल्डियाल,रजनी जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक चिकित्सक,अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।