
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से लंबित प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग को बुधवार को उस समय नई गति मिल गई,जब भारत श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गौड़ एवं प्रेस क्लब श्रीनगर गढ़वाल के अध्यक्ष डॉ.श्रीकृष्ण उनियाल के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम की महापौर आरती भण्डारी से शिष्टाचार भेंट कर प्रेस क्लब भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। महापौर ने पत्रकारों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को गंभीरता से लेते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया,जिससे नगर क्षेत्र के पत्रकारों में वर्षों पुरानी मांग के शीघ्र साकार होने की नई उम्मीद जाग उठी है। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभाते हैं। शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक की जनसमस्याओं,विकास योजनाओं,सामाजिक सरोकारों तथा जनभावनाओं को निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ जनता और सरकार तक पहुंचाना पत्रकारों का प्रमुख दायित्व है। इसके बावजूद श्रीनगर जैसे महत्वपूर्ण नगर में आज तक पत्रकारों के लिए अपना स्थायी प्रेस क्लब भवन उपलब्ध नहीं हो पाया है। ज्ञापन में प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए लगभग दो नाली (करीब 400 वर्गमीटर) भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया,ताकि पत्रकारों को बैठकों,संवाद कार्यक्रमों,प्रेस वार्ताओं,प्रशिक्षण शिविरों एवं जनसरोकार से जुड़े आयोजनों के लिए स्थायी स्थान मिल सके। महापौर आरती भण्डारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पत्रकार समाज का सशक्त और जिम्मेदार वर्ग है,जिसकी भूमिका लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्तर पर उपलब्ध भूमि का परीक्षण कराया जाएगा तथा नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। यदि आवश्यकता पड़ी तो जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रेस क्लब भवन के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। महापौर ने कहा कि पत्रकार जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं और समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में श्रीनगर के पत्रकारों को भी एक सुव्यवस्थित एवं स्थायी प्रेस क्लब भवन मिलना चाहिए। नगर निगम इस मांग के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक पहल करेगा। महापौर के सकारात्मक आश्वासन के बाद पत्रकारों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से चली आ रही इस मांग के समाधान की दिशा में नगर निगम की पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति मिलती है तो श्रीनगर के पत्रकारों को पहली बार अपना स्थायी प्रेस क्लब भवन प्राप्त होगा,जिससे पत्रकारिता की गतिविधियों को नई ऊर्जा,बेहतर सुविधाएं और संस्थागत मजबूती मिलेगी। यह पहल न केवल पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण साबित होगी,बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसंचार व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ करने में मील का पत्थर सिद्ध हो सकती है।