
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर इस वर्ष श्रीनगर नगर निगम द्वारा आयोजित होने वाला समारोह भव्य, आकर्षक और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होगा। ऐतिहासिक गोला बाजार में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं को लेकर नगर निगम सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष पूरा आयोजन तिरंगा थीम पर आधारित होगा,जिससे पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई देगा। बैठक में नगर निगम क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों,शिक्षक-शिक्षिकाओं,खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू,निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल,अनुशासित और यादगार बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आयोजन में अनुशासन,एकरूपता और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक विद्यालय केवल एक ही आयु वर्ग-प्राथमिक,जूनियर अथवा सीनियर-के विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेगा। विद्यालय अपनी सुविधा के अनुसार झांकी और परेड में हिस्सा लेंगे। परेड के लिए प्रत्येक विद्यालय से 33 छात्र-छात्राओं की एक टुकड़ी शामिल होगी,ताकि सभी दलों की प्रस्तुति समान,अनुशासित और आकर्षक दिखाई दे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे बच्चों में देशभक्ति,राष्ट्रीय एकता,अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने का माध्यम बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। नगर निगम का प्रयास है कि इस बार का समारोह नगरवासियों के लिए लंबे समय तक यादगार बने। बैठक की अध्यक्षता करते हुए महापौर आरती भण्डारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा के लिए पेयजल,रिफ्रेशमेंट,प्राथमिक उपचार,स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। महापौर ने कहा कि बच्चे हमारे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं,बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम,अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि प्रत्येक प्रतिभागी छात्र-छात्रा इस आयोजन से प्रेरणा लेकर लौटे और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विद्यालयों से पूरे उत्साह,अनुशासन और गरिमा के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रीनगर का स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा। बैठक में नगर आयुक्त नुपुर वर्मा,खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत,सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार,नगर निगम के सम्मानित पार्षदगण तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।