
हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में जनता इंटर कॉलेज जामणाखाल में एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा कानूनों,बाल संरक्षण अधिनियमों तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाना रहा। कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर,पौड़ी गढ़वाल की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली,उद्देश्य एवं महिलाओं तथा बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा,मानसिक,शारीरिक एवं लैंगिक उत्पीड़न जैसी परिस्थितियों से प्रभावित महिलाओं और बालिकाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से कानूनी सहायता,चिकित्सा सुविधा,मनोवैज्ञानिक परामर्श तथा अस्थायी आश्रय जैसी समेकित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने किशोरियों को घरेलू हिंसा के विभिन्न स्वरूपों,उसके सामाजिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों तथा उससे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या हिंसा सहन करना समाधान नहीं है। समय रहते अपनी समस्या को साझा करना तथा संबंधित संस्थाओं और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करना आवश्यक है। कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया गया। बच्चों के अधिकारों,उनकी सुरक्षा,साइबर अपराधों से बचाव तथा विद्यालय एवं समाज में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि संकट की स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाते हैं तथा सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रवक्ता राकेश कुमार,पूजा सिलमाणा,मीरा सेमवाल,कविता परमार,नीलम कोहली,नमिता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।