राठ की माटी का समलौण लेकर श्रीनगर पहुंची अपनत्व की सौगात-गणेश गोदियाल ने बहनों-धियाणियों को बांटे जैविक आलू

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल की लोकसंस्कृति में अपनी माटी,अपने गांव और अपने क्षेत्र के उत्पादों को आत्मीयता के साथ अपनों तक पहुंचाने की परंपरा आज भी जीवंत है। इसी परंपरा

📘 इन्हें भी पढ़ें

हिमालय टाइम्स गबर सिंह भण्डारी

श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल की लोकसंस्कृति में अपनी माटी,अपने गांव और अपने क्षेत्र के उत्पादों को आत्मीयता के साथ अपनों तक पहुंचाने की परंपरा आज भी जीवंत है। इसी परंपरा और भावनात्मक जुड़ाव को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर राठ क्षेत्र में उत्पादित आलू का वितरण किया। श्रीकोट,डांग,भक्तियाणा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने महिलाओं और स्थानीय लोगों को राठ की माटी में पैदा हुए आलू समलौण के रूप में भेंट किए। गोदियाल ने कहा कि यह केवल आलू का वितरण नहीं,बल्कि अपनी माटी,अपने खेत और अपनी बहनों-धियाणियों के साथ आत्मीय रिश्ता बनाए रखने की एक परंपरा है। उन्होंने कहा कि राठ क्षेत्र का यह उत्पाद उनके लिए विशेष महत्व रखता है और वह प्रत्येक वर्ष अपने क्षेत्र के आलू को अपनी बहनों एवं धियाणियों के लिए समलौण के रूप में भेंट करते हैं। राठ की माटी से श्रीनगर तक पहुंचा अपनत्व का संदेश
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आलू वितरित करते हुए गोदियाल ने कहा कि पहाड़ की खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति,परंपरा और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। स्थानीय स्तर पर उत्पादित कृषि उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से किसानों का मनोबल बढ़ सकता है और पारंपरिक खेती को भी नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पहाड़ के खेतों में पैदा होने वाले पारंपरिक एवं जैविक उत्पादों की अपनी अलग पहचान है। स्थानीय उत्पादों को बाजार और उपभोक्ताओं से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने की जरूरत है। गोदियाल ने कहा कि समलौण की यह परंपरा पर्यावरण संरक्षण,सामाजिक जुड़ाव और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश भी देती है। राठ क्षेत्र में समलौण आंदोलन की लंबी परंपरा रही है और इस पहल से जुड़े कार्यक्रमों में गोदियाल पूर्व में भी भाग लेते रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम लोगों के हितों के साथ न्याय करने में विफल रही है और प्रदेश में बेरोजगारी तथा युवाओं से जुड़े मुद्दे गंभीर बने हुए हैं। उन्होंने नौकरियों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पिछले वर्षों में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं के बीच असंतोष रहा है। इसी क्रम में उन्होंने एमबीबीएस प्रवेश में 350 सीटों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बाहरी प्रदेशों के अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाकर स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी की गई है। एमबीबीएस प्रवेश को लेकर उत्तराखंड में इस समय प्रमाणपत्रों और राज्य कोटे के दाखिलों की जांच से संबंधित मामले भी सामने आए हैं। हालिया रिपोर्टों के अनुसार राज्य कोटे के तहत हुए दाखिलों में प्रमाणपत्रों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है और बड़ी संख्या में दाखिलों की जांच की जा रही है। गोदियाल ने मंदिरों में चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े संस्थानों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। गोदियाल ने प्रसूता महिलाओं को समय पर उपचार नहीं मिलने तथा वन्यजीवों के हमलों में घायल लोगों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहाड़ के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना बेहद आवश्यक है,ताकि ग्रामीणों को गंभीर परिस्थितियों में समय पर उपचार मिल सके। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूद महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं से सामाजिक मुद्दों को लेकर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता को अपने अधिकारों और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जागरूक रहना होगा। आलू वितरण कार्यक्रम के माध्यम से जहां राठ क्षेत्र की कृषि और जैविक उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। राठ की माटी में पैदा हुए आलू को समलौण के रूप में बहनों-धियाणियों तक पहुंचाने की यह पहल पहाड़ की कृषि,संस्कृति और सामाजिक रिश्तों के आपसी जुड़ाव की तस्वीर भी पेश करती नजर आई। कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल,पीसीसी सदस्य वीरेंद्र सिंह नेगी,नगर कांग्रेस महिला अध्यक्ष अंजू भट्ट,पूर्व अध्यक्ष मीना रावत,निशांत कंडारी,कार्यक्रम संयोजक सुधांशु नौडियाल,लाल सिंह नेगी,पुष्पेंद्र पंवार,पार्षद सूरज नेगी,शिव लाल,रघुवीर प्रसाद,संजय फौजी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

नवीनतम समाचार – Dainik Himalya Times

नवीनतम समाचार

Loading...